भारत खेलने को तैयार: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाक मैच

टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर मचे सियासी और क्रिकेटी घमासान पर अब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खुलकर अपनी बात रखी है। पाकिस्तान सरकार द्वारा भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार के ऐलान के बाद फैली तमाम अटकलों पर सूर्या ने साफ शब्दों में कहा है कि भारत ने कभी पाकिस्तान से खेलने से इनकार नहीं किया।
गुरुवार, 5 फरवरी को मुंबई में बीसीसीआई मुख्यालय में आयोजित 20 टीमों के कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब सूर्यकुमार यादव से 15 फरवरी 2026 को कोलंबो में प्रस्तावित भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा— “हमने तो मना नहीं किया है। उन्होंने खेलने से इनकार किया है। हमारा प्लान बिल्कुल साफ है।”
ICC ने तय किया है शेड्यूल
भारतीय कप्तान ने स्पष्ट किया कि आईसीसी ने पहले ही टूर्नामेंट का शेड्यूल तय कर दिया है और टीम इंडिया उसी के अनुसार तैयारी कर रही है।
उन्होंने बताया, “हमारी टिकट भी बुक हैं। पहले हम मुंबई में अमेरिका के खिलाफ, फिर दिल्ली में कनाडा के खिलाफ खेलेंगे। इसके बाद दिल्ली से सीधे कोलंबो रवाना होंगे।”





