छत्रीनाका चौराहे पर मचा हड़कंप: पुलिस पर डंडे से हमला
मध्य प्रदेश के सिरोंज स्थित छत्रीनाका चौराहे पर शुक्रवार शाम अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बगरोदा निवासी 25 वर्षीय कालू अहिरवार डंडा लेकर सड़क पर निकल आया और राहगीरों व गुजरते वाहनों पर हमला करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक काफी देर तक चौराहे पर उत्पात मचाता रहा, जिससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि युवक अचानक आक्रामक हो गया और बिना किसी उकसावे के लोगों को निशाना बनाने लगा। कई वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोककर रास्ता बदल लिया, वहीं कुछ लोगों ने दुकानों के शटर गिराकर खुद को सुरक्षित किया।
पुलिस टीम पर भी किया हमला
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन युवक ने पुलिस को देखते ही और उग्र रूप धारण कर लिया। उसने एक सिपाही पर डंडे से वार कर दिया, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए स्थिति और बिगड़ गई।
इतना ही नहीं, युवक ने डायल 112 वाहन पर भी हमला कर दिया। वाहन का शीशा तोड़ दिया गया और बोनट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस दौरान चौराहे पर भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण बन गई।







