नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली की घटना: बीमार पति, मददगार दोस्त और ‘शक’ की आग

दिल्ली के नॉर्थ-ईस्ट जिले के गोकुलपुरी इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। अवैध संबंध के शक में एक 42 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी के करीबी दोस्त की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गौरी शंकर यादव (42) के रूप में हुई है, जबकि मृतक की पहचान रवि कुमार (28) के तौर पर की गई है।
बीमारी के दौरान ‘दोस्त’ बना सहारा
पुलिस के अनुसार, आरोपी की 35 वर्षीय पत्नी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया की रहने वाली है। महिला ने पुलिस को बताया कि करीब 10 महीने पहले उसका पति बीमार होकर अस्पताल में भर्ती था। उस कठिन समय में रवि कुमार ने परिवार की आर्थिक और दैनिक जरूरतों में मदद की। महिला के अनुसार: रवि ने बच्चों की देखभाल में सहयोग किया, गोकुलपुरी में फूड स्टॉल शुरू करने में मदद की, किराए का कमरा दिलाने में सहयोग किया, महिला अपने बच्चों के साथ उसी कमरे में रह रही थी।
सूरत से वापसी और बढ़ता शक
6 फरवरी को गौरी शंकर यादव सूरत से दिल्ली लौटा। घर में रवि की मौजूदगी उसे खटकने लगी। आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी और रवि के बीच अवैध संबंध हैं। 7 फरवरी की रात को इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखा विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने स्थिति को शांत करने के लिए रवि को छत पर सोने भेज दिया।







