उज्जैन पहुंचीं जैकलीन फर्नांडिस: महाकाल के दरबार में जैकलीन फर्नांडिस और एकता कपूर की आस्था

मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में रविवार को आध्यात्म और बॉलीवुड का अनोखा संगम देखने को मिला। प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने पूरे विधि-विधान से भगवान श्री महाकाल का अभिषेक कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में अभिनेत्री भक्ति भाव में लीन नजर आईं और उन्होंने बाबा महाकाल से देश में सुख-शांति और अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स की सफलता की कामना की।
मंदिर समिति ने किया पारंपरिक स्वागत
जैकलीन फर्नांडिस के मंदिर पहुंचने पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत और सम्मान किया गया। दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में अभिनेत्री को देखने की उत्सुकता साफ नजर आई। जैकलीन ने कुछ समय मंदिर परिसर में रुककर शिव जाप भी किया।
एकता कपूर भी पांच अभिनेत्रियों के साथ पहुंचीं महाकाल दरबार
जैकलीन फर्नांडिस के बाद मशहूर फिल्म और टीवी सीरियल निर्माता एकता कपूर भी उज्जैन पहुंचीं। उनके साथ टीवी और फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्रियां नीलम कोठारी, दीपशिखा नागपाल, विद्या मालवदे, सीमा किरण सचदेव भी मौजूद रहीं। सभी ने नंदी हॉल में बैठकर शिव आराधना की और गर्भगृह की देहरी से बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।






