तरनतारन लॉ कॉलेज में खून-खराबा: फिर खुद को मारी गोली

पंजाब के तरनतारन जिले से सोमवार (9 फरवरी) को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव उसमा स्थित ‘माई भागो लॉ कॉलेज’ में क्लास शुरू होते ही एक छात्र ने अपनी ही सहपाठी छात्रा को गोली मार दी और इसके तुरंत बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस सनसनीखेज वारदात के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया।
क्लासरूम में चली गोली, दो जिंदगियां खत्म
मृतका की पहचान संदीप कौर, निवासी नौशहरा पन्नुआ, के रूप में हुई है। वहीं हमलावर छात्र की पहचान प्रिंस राज, निवासी गांव मलियां, के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, जैसे ही क्लास शुरू हुई, प्रिंस राज क्लासरूम में दाखिल हुआ और बेहद नजदीक से संदीप कौर के सिर में गोली मार दी। इसके बाद उसने पिस्टल दोबारा लोड कर खुद को भी गोली मार ली।
CCTV फुटेज ने खोले राज
घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात कैद है। फुटेज के मुताबिक, गोलीबारी इतनी सटीक थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई और कॉलेज प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।







