तिहाड़ में राजपाल यादव: कर्ज भी चुकाएंगे और प्रॉफिट भी दिलाएंगे!

बॉलीवुड के लोकप्रिय कॉमेडियन अभिनेता राजपाल यादव इस समय अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस और लोन डिफॉल्ट मामले में उन्होंने 5 फरवरी 2026 को दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया।
यह पूरा विवाद साल 2010 से जुड़ा है, जब राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता-लापता’ के निर्माण के लिए दिल्ली की एक कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। 2012 में फिल्म रिलीज हुई, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप होने के कारण वह कर्ज नहीं चुका सके और दिए गए चेक बाउंस हो गए।
14 साल बाद फिर चर्चा में ‘अता पता-लापता’
जिस फिल्म की वजह से राजपाल यादव पर मुसीबत आई, वही फिल्म अब उनके लिए उम्मीद की किरण बन सकती है। सोशल मीडिया और यूट्यूब पर फैंस ने फिल्म को री-रिलीज करने की मांग उठाई है। यूट्यूब पर फिल्म के ट्रेलर के नीचे कमेंट्स में फैंस लगातार लिख रहे हैं:
“फिल्म को दोबारा थिएटर्स में रिलीज किया जाए।”
“हम सब मिलकर फिल्म देखेंगे और सपोर्ट करेंगे।”
“यूट्यूब पर रिलीज करो, हम पूरा कर्ज और प्रॉफिट दिलवाएंगे।”
एक फैन ने तो यहां तक लिखा, “आप मूवी री-रिलीज कर दो, हम कर्ज का पैसा प्लस पूरा प्रॉफिट दिलवा देंगे।”
इंडस्ट्री भी आई साथ
राजपाल यादव की इस मुश्किल घड़ी में कई बड़े सितारे भी उनके समर्थन में सामने आए हैं।
उनके मैनेजर गोल्डी के मुताबिक: सोनू सूद, सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन, डेविड धवन, गुरमीत चौधरी, अनीस बज़्मी सभी ने मदद का आश्वासन दिया है। हालांकि, मैनेजर ने यह भी साफ किया कि “ऐसे ट्रांजैक्शन रातों-रात नहीं होते।”







