PSLV मिशन में बार-बार विफलता से बढ़ी चिंता: PM के निर्देश पर VSSC दौरा

भारत के सबसे भरोसेमंद प्रक्षेपण यानों में गिने जाने वाले पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (PSLV) की लगातार हो रही विफलताओं ने सरकार और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रत्यक्ष निर्देशों पर 22 जनवरी को तिरुवनंतपुरम स्थित विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (VSSC) का एक अत्यंत गोपनीय दौरा किया।
तीसरे चरण की विफलता पर फोकस
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, डोवाल का यह दौरा खास तौर पर PSLV के तीसरे चरण में बार-बार सामने आ रही तकनीकी गड़बड़ियों की गहराई से जांच के लिए किया गया था। 12 जनवरी 2026 को हुए PSLV मिशन में उड़ान के इसी चरण में असामान्यता सामने आई थी, जिससे मिशन अधूरा रह गया।
तोड़फोड़ की आशंका की भी हुई जांच
VSSC के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि डोवाल ने लॉन्च व्हीकल के डिजाइन, निर्माण और परीक्षण प्रक्रियाओं पर विस्तार से सवाल किए। इस दौरान तोड़फोड़ (Sabotage) की आशंका को भी पूरी गंभीरता से परखा गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी किसी साजिश की संभावना नहीं है।






