राज्यसभा में पीएम मोदी का तीखा हमला: ‘मोहब्बत की दुकान से मोदी की कब्र खोदने की बातें’

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया। उनके भाषण के बाद यह प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित हो गया। पीएम मोदी का भाषण तीखे हमलों, तंज और सरकार की उपलब्धियों से भरा रहा।
दुनिया के साथ ट्रेड डील: कांग्रेस पर सीधा हमला
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत भविष्य के लिए तैयार ट्रेड एग्रीमेंट कर रहा है। यूरोपियन यूनियन सहित 27 देशों के साथ ट्रेड डील को उन्होंने ऐतिहासिक बताया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके समय ‘डील’ का मतलब बोफोर्स था, जबकि आज डील गर्व की पहचान है।
खरगे की उम्र पर टिप्पणी, विपक्ष का वॉकआउट
विपक्ष की नारेबाजी के बीच पीएम ने भाषण शुरू किया। मल्लिकार्जुन खरगे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उम्र को देखते हुए उन्हें बैठकर नारे लगाने चाहिए। इसके बाद विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले भारत 11वें स्थान पर पहुंच गया था, लेकिन आज भारत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भारत अब ग्लोबल साउथ की मजबूत आवाज बन चुका है।
सरदार पटेल और नर्मदा बांध का उदाहरण
प्रधानमंत्री ने कहा कि नर्मदा बांध की कल्पना उनके जन्म से पहले सरदार पटेल ने की थी। नेहरू ने शिलान्यास किया और उद्घाटन उन्होंने प्रधानमंत्री बनकर किया। यह कांग्रेस की कमजोर इम्प्लीमेंटेशन नीति का उदाहरण है।
वोट बैंक पॉलिटिक्स बनाम गवर्नेंस
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने हमेशा वोट बैंक की राजनीति की, जिससे देश को नुकसान हुआ। असम और बोगीबील ब्रिज का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने रुकी परियोजनाओं को पूरा किया।
बैंकिंग सेक्टर मजबूत, NPA रिकॉर्ड निचले स्तर पर
पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने एनपीए के पहाड़ खत्म कर दिए। आज एनपीए 1% से भी नीचे है और बैंकों का मुनाफा रिकॉर्ड स्तर पर है, जो अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है।
नेहरू-इंदिरा की सोच पर सवाल
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने देश की जनता को समस्या माना, जबकि उनकी सोच अलग है। उन्होंने कहा, “अगर 140 करोड़ लोग हैं, तो 140 करोड़ समाधान हैं।”
टीएमसी पर घुसपैठ को लेकर हमला
पीएम ने पश्चिम बंगाल में घुसपैठ और कानून व्यवस्था को लेकर टीएमसी पर तीखा हमला किया और कहा कि सत्ता बचाने के लिए अदालतों पर दबाव डाला जा रहा है।
‘मोदी की कब्र खोदने’ वालों को करारा जवाब
प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि ‘मोहब्बत की दुकान’ से मोदी की कब्र खोदने की बातें निकल रही हैं। यह सार्वजनिक जीवन और संविधान दोनों का अपमान है। उन्होंने कहा कि वह रोज “2 किलो गालियां” खाते हैं और यही उनकी ऊर्जा है।







