राजधानी में दहशत फैलाने वाला आरोपी: तीन छात्राओं पर हमला के बाद छात्राओं में खौफ

भोपाल में पिछले एक हफ्ते से युवतियों और छात्राओं में दहशत फैलाने वाला ‘सीरियल कटर मैन’ आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। तीन छात्राओं पर कटर से जानलेवा हमला करने वाले इस आरोपी को बुधवार देर रात छोला इलाके में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान देवेंद्र अहिरवार, निवासी सागर जिला के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह पत्नी से लगातार चल रहे वैवाहिक विवाद के चलते मानसिक रूप से अस्थिर हो गया था और अपना गुस्सा अकेली चल रही युवतियों पर हमला कर निकाल रहा था।
20 हजार का इनाम, 5 टीमें तलाश में जुटीं
भोपाल पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। क्राइम ब्रांच, अयोध्या नगर, पिपलानी और अन्य थानों की 5 विशेष टीमें, जिनमें 100 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे, लगातार उसकी तलाश में जुटी थीं।
पुलिस ने 100 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले, आपराधिक प्रवृत्ति वाले संदिग्धों का डेटा मिलाया और साइबर सेल की मदद से तकनीकी निगरानी की।







