लोकसभा में ‘ट्रेड वॉर’: राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका डील को बताया ‘होलसेल सरेंडर’

लोकसभा में केंद्रीय बजट पर चर्चा के दौरान भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस समझौते को “होलसेल सरेंडर” करार देते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों और देशहित के साथ समझौता किया है।
राहुल गांधी ने कहा कि यह डील बराबरी की शर्तों पर नहीं की गई और इसमें भारत के किसानों के हितों को कुचल दिया गया है। उन्होंने कहा, “सरकार को शर्म आनी चाहिए कि उसने भारत माता को बेच दिया।”
किसानों और टैरिफ पर क्या बोले राहुल गांधी?
राहुल गांधी ने दावा किया कि भारतीय उत्पादों पर अमेरिका में टैरिफ 3 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत हो गया है, जबकि अमेरिकी उत्पादों पर शुल्क 16 प्रतिशत से घटाकर शून्य कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि इस समझौते के बाद अमेरिका तय करेगा कि भारत तेल किससे खरीदेगा। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि भारत का डेटा अमेरिका के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है और अगर ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार होती तो वह बराबरी की शर्तों पर बातचीत करती।
उन्होंने कहा, “हम अमेरिका से कहते कि आप अपने किसानों की रक्षा करें, लेकिन हम भी अपने किसानों की रक्षा करेंगे। हम आपके नौकर नहीं हैं।”




