NEET UG 2026 रद्द: पेपर लीक विवाद के बाद NTA का बड़ा फैसला

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। 3 मई 2026 को आयोजित हुई इस परीक्षा पर पेपर लीक और गेस पेपर विवाद के बाद लगातार सवाल उठ रहे थे। दावा किया गया था कि करीब 125 सवाल कथित गेस पेपर से हूबहू मैच कर रहे थे, जिसके बाद परीक्षा की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
जांच एजेंसियों से मिले इनपुट और सत्यापन के बाद NTA ने माना कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना संभव नहीं है। इसके बाद केंद्र सरकार की मंजूरी से परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया।
दोबारा होगी परीक्षा, जल्द आएगी नई तारीख
NTA ने साफ कर दिया है कि NEET UG 2026 परीक्षा अब दोबारा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा की तारीख, एडमिट कार्ड और शेड्यूल जल्द ही एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट और चैनलों के माध्यम से जारी किए जाएंगे।
एजेंसी के अनुसार:
छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा,
पहले जमा की गई फीस वापस की जाएगी,
कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा,
पुराने परीक्षा केंद्र विकल्प ही मान्य रहेंगे,
नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे |
CBI करेगी पूरे मामले की जांच
केंद्र सरकार ने इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। NTA ने कहा है कि वह जांच एजेंसियों को हर जरूरी दस्तावेज और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएगा। NTA के बयान के मुताबिक 8 मई 2026 को कुछ संदिग्ध गतिविधियों और शिकायतों को केंद्रीय एजेंसियों के पास भेजा गया था। शुरुआती जांच में परीक्षा प्रक्रिया पर गंभीर सवाल सामने आए, जिसके बाद यह बड़ा फैसला लिया गया।
राजस्थान से उठा था विवाद
सूत्रों के मुताबिक राजस्थान समेत कई राज्यों में एक कथित गेस पेपर वायरल हुआ था, जिसके लगभग 125 सवाल असली प्रश्नपत्र से मेल खाते बताए गए। इसके बाद सोशल मीडिया पर भारी विवाद शुरू हो गया। राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने कार्रवाई करते हुए देहरादून, सीकर और झुंझुनू से 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया। इनमें एक कोचिंग संस्थान से जुड़ा करियर काउंसलर भी शामिल बताया गया है।
22.79 लाख छात्रों पर असर
NEET UG 2026 देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में से एक है। इस साल परीक्षा में लगभग 22.79 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे।
परीक्षा से जुड़े अहम आंकड़े
परीक्षा तिथि: 3 मई 2026
कुल उम्मीदवार: 22.79 लाख
परीक्षा केंद्र: 5,432
भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में परीक्षा
6,000 से ज्यादा ऑब्जर्वर तैनात
2 लाख से अधिक कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद
उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा 3.6 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी।
NTA ने छात्रों से क्या अपील की?
NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से बचें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। एजेंसी ने कहा कि परीक्षा प्रणाली पर भरोसा बनाए रखना बेहद जरूरी है और इसी पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए परीक्षा रद्द करने का कठिन फैसला लिया गया है।
क्या है NEET UG?
NEET UG यानी National Eligibility cum Entrance Test देशभर के MBBS, BDS, BAMS, BHMS, BUMS और अन्य मेडिकल कोर्स में एडमिशन के लिए आयोजित की जाने वाली राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा है। पहले इसे AIPMT के नाम से जाना जाता था, लेकिन 2017 से इसे NEET के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
NEET UG 2026 परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों और अभिभावकों में चिंता जरूर बढ़ी है, लेकिन NTA का कहना है कि यह फैसला परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लिया गया है। अब सभी की नजर नई परीक्षा तारीख और CBI जांच पर टिकी हुई है।



