Gen Z Dating Trends: ऑर्बिटिंग से 6-7 डेटिंग तक
आज के दौर में प्यार और रिश्तों को देखने का नजरिया तेजी से बदल रहा है। पहले जहां रिश्तों को निभाने के लिए एडजस्टमेंट, इमोशनल मैच्योरिटी और आपसी समझ को सबसे ज्यादा अहमियत दी जाती थी, वहीं अब सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स के दौर में रिश्तों से जुड़े कई नए शब्द भी लोकप्रिय हो रहे हैं। Gen Z ने डेटिंग की दुनिया को एक नई भाषा दी है, जिसमें ऑर्बिटिंग, जॉम्बीइंग, सॉफ्ट लॉन्चिंग, थ्रोनिंग, बेंचिंग, फ्यूचरफेकिंग और पॉकेटिंग जैसे शब्द शामिल हैं। इन शब्दों के जरिए आज के युवा रिश्तों में होने वाली अलग-अलग स्थितियों और व्यवहार को आसानी से परिभाषित करते हैं। हालांकि, इन ट्रेंड्स के बीच अब एक नया विचार ‘6-7 Dating’ भी चर्चा में है, जो परफेक्ट पार्टनर की तलाश से ज्यादा सुकून और भरोसे को महत्व देने की बात करता है। ऑर्बिटिंग क्या है? अगर कोई व्यक्ति आपके मैसेज का जवाब नहीं देता, लेकिन सोशल मीडिया पर आपकी पोस्ट और स्टोरी लगातार देखता है या उन्हें लाइक करता है, तो इसे ऑर्बिटिंग (Orbiting) कहा जाता है। यानी व्यक्ति सीधे बातचीत से दूरी बनाए रखता है, लेकिन सोशल मीडिया के जरिए आपकी जिंदगी के आसपास बना रहता है। जॉम्बीइंग का क्या मतलब है? किसी व्यक्ति का अचानक बिना किसी स्पष्ट वजह के आपकी जिंदगी से गायब हो जाना और लंबे समय बाद दोबारा वापस आकर ऐसे व्यवहार करना जैसे कुछ हुआ ही नहीं, जॉम्बीइंग (Zombieing) कहलाता है। यह शब्द खासतौर पर उन डेटिंग स्थितियों के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जहां कोई व्यक्ति अचानक संपर्क तोड़कर फिर से लौट आता है।