मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपा पर बड़ा हमला: योगी बोले "ना कर्फ्यू ना दंगा यूपी में सब चंगा है"उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा के मजबूत गढ़ माने जाने वाले इटावा और मैनपुरी में जनसभाओं को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने राज्य की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश बदल चुका है। उन्होंने अपना चर्चित नारा दोहराते हुए कहा, "ना कर्फ्यू है, ना दंगा है, यूपी में सब चंगा है।" योगी ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने अपराध और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर प्रदेश में सुरक्षित माहौल बनाया है। 2017 से पहले के यूपी को लेकर योगी का हमला जनसभा में सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान दंगों, अराजकता और माफिया राज से होती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज प्रदेश में विकास, निवेश और कानून व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। अखिलेश यादव पर नाम लिए बिना साधा निशाना सीएम योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उनकी कार्यशैली पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जो लोग देर से उठते हैं और अपना समय निजी गतिविधियों में बिताते हैं, वे जनता और युवाओं के विकास की चिंता कैसे करेंगे। योगी ने सपा पर परिवारवाद और 'सैफई सिंडिकेट' का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकारों में युवाओं के अवसर प्रभावित हुए।