भोपाल में युवक की आत्महत्या से सनसनी: मौत से पहले वीडियो बनाकर पत्नी और ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप
Aditya Verma
0 सेकंड पहलेPoori detail share karein, hum aur jaanna chahte hain.
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के शाहपुरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने होटल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने यह कदम उठाने से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मौत से पहले वायरल वीडियो में लगाए आरोप
मृतक युवक की पहचान विकास हिरवे के रूप में हुई है, जो हबीबगंज क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। विकास ने आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में उसने कहा कि वह पत्नी से परेशान होकर यह कदम उठा रहा है। उसने दावा किया कि उसके परिवार ने पत्नी को पूरा सम्मान दिया, लेकिन उसे बदले में धोखा और मानसिक प्रताड़ना मिली।
विकास ने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी लोगों से कहती थी कि वह मारपीट करता है, जबकि असल में वह खुद प्रताड़ित हो रहा था। वीडियो में उसने अपनी मौत का जिम्मेदार पत्नी और दादी सास को ठहराया।
सात महीने पहले हुई थी प्रेम विवाह
पुलिस के अनुसार, विकास ने करीब सात महीने पहले स्नेहा सोलंकी नामक युवती से प्रेम विवाह किया था। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे। परिजनों ने बताया कि शनिवार को भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद विकास घर से बिना बताए निकल गया था।
होटल में बुक किया कमरा, सुबह मिला शव
जानकारी के मुताबिक, युवक ने शाहपुरा इलाके के एक होटल में कमरा बुक किया था। रविवार सुबह होटल स्टाफ ने कमरे में युवक का शव फंदे से लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया।
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रश्मि अग्रवाल दुबे ने बताया कि युवक द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किए जाने की जानकारी मिली है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। परिजनों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने खड़े किए कई सवाल
महज सात महीने पुरानी शादी और उसके बाद इस तरह का दर्दनाक अंत कई सवाल खड़े कर रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। मामला अब पुलिस जांच के बाद ही पूरी तरह साफ हो सकेगा।







