बॉक्स ऑफिस पर रोमांस बनाम कोर्टरूम ड्रामा: दो बड़ी फिल्मों की ओपनिंग रही धीमी

20 फरवरी 2026 को बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। एक तरफ सामाजिक मुद्दे पर आधारित कोर्टरूम ड्रामा अस्सी रिलीज हुई, तो दूसरी ओर रोमांटिक लव स्टोरी दो दीवाने शहर में ने सिनेमाघरों में दस्तक दी। दोनों फिल्मों का जॉनर अलग है, लेकिन ओपनिंग डे कलेक्शन में बड़ा फर्क देखने को नहीं मिला।
‘अस्सी’ की धीमी लेकिन सराही गई शुरुआत
निर्देशक अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी ‘अस्सी’ में तापसी पन्नू एक वकील की भूमिका में नजर आ रही हैं, जो दुष्कर्म पीड़िता के लिए अदालत में न्याय की लड़ाई लड़ती हैं। फिल्म को क्रिटिक्स से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और इसकी कहानी व अभिनय की सराहना हो रही है।
हालांकि, अच्छी समीक्षाओं के बावजूद फिल्म पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर केवल 1 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर पाई। इससे एक बार फिर सवाल खड़ा होता है कि क्या कंटेंट-ड्रिवन फिल्मों को दर्शकों तक पहुंचाने में मार्केटिंग या स्टार पावर की कमी आड़े आ रही है?अब नजरें वीकेंड कलेक्शन पर टिकी हैं।
‘दो दीवाने शहर में’ ने मारी शुरुआती बाजी
रोमांटिक ड्रामा दो दीवाने शहर में में मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी पहली बार साथ नजर आए हैं। फिल्म की कहानी दो ऐसे युवाओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनके परिवार उनकी शादी चाहते हैं, लेकिन वे एक-दूसरे से बचते रहते हैं।
Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने ओपनिंग डे पर 1.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। हालांकि यह आंकड़ा बड़ा नहीं है, लेकिन ‘अस्सी’ से थोड़ा आगे जरूर रहा। क्रिटिक्स से फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन युवा दर्शकों में इसकी पकड़ मजबूत हो सकती है।






