दिल्ली के विवेक विहार में AC ब्लास्ट से भीषण आग: 9 की मौत

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
देश की राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में रविवार तड़के एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 3:47 बजे हुआ, जब लोग गहरी नींद में थे। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मृतकों में 4 पुरुष, 4 महिलाएं और एक डेढ़ साल का मासूम बच्चा शामिल है।
4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू, कई लोगों को बचाया गया
दिल्ली फायर सर्विस को घटना की सूचना मिलते ही 14 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 8 बजे आग पर काबू पाया गया। रेस्क्यू टीम ने 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है।
इलेक्ट्रॉनिक लॉक और ग्रिल बने मौत का कारण
इस हादसे में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इमारत में लगे इलेक्ट्रॉनिक लॉक सिस्टम और खिड़कियों पर लगी लोहे की ग्रिल ने लोगों के लिए बाहर निकलने का रास्ता बंद कर दिया। पीछे के फ्लैट्स में रहने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए, जहां से बाहर निकलने का रास्ता बेहद सीमित था।
AC ब्लास्ट से भड़की आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आग की शुरुआत दूसरी मंजिल पर लगे एयर कंडीशनर (AC) के कंप्रेसर ब्लास्ट से हुई। इसके बाद आग तेजी से पूरे भवन में फैल गई। हालांकि, अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
शवों की हालत इतनी खराब, पहचान मुश्किल
घटना में कई शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। स्थानीय पार्षद पंकज लूथरा के मुताबिक, कुछ शवों की पहचान DNA टेस्ट के बाद ही हो सकेगी।
पूरे परिवार खत्म, कई फ्लोर से मिले शव
पुलिस के अनुसार, दूसरे फ्लोर से एक ही परिवार के 5 लोगों के शव मिले हैं, जबकि तीसरे फ्लोर से 3 और पहले फ्लोर से एक शव बरामद हुआ। कई लोग जान बचाने के लिए छत की ओर भागे, लेकिन दरवाजा बंद होने के कारण वे फंस गए।
सरकार का ऐलान: मृतकों के परिजनों को 2 लाख, घायलों को 50 हजार
सरकार ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है।
AC ब्लास्ट के पीछे क्या हैं कारण?
गर्मियों में AC के ज्यादा इस्तेमाल के चलते इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार:
- लगातार AC चलाने से कंप्रेसर ओवरहीट हो जाता है,
- गैस लीकेज से स्पार्क होने पर ब्लास्ट हो सकता है,
- खराब वायरिंग से शॉर्ट सर्किट का खतरा,
- गंदगी और धूल से मशीन पर दबाव बढ़ता है |
ऐसे हादसों से बचने के लिए बरतें सावधानियां:
- नियमित सर्विस जरूर कराएं,
- लगातार 8-10 घंटे से ज्यादा AC न चलाएं,
- अच्छी क्वालिटी का स्टेबलाइजर इस्तेमाल करें,
- सर्टिफाइड पार्ट्स और सही वायरिंग का उपयोग करें,
- इमरजेंसी एग्जिट हमेशा खुला रखें |

