पॉश श्यामला हिल्स में हुई लूट ने मचाई थी सनसनी: भोपाल में डॉक्टर से 17 लाख की लूट का सनसनीखेज खुलासा

भोपाल में डॉक्टर से 17 लाख की लूट का सनसनीखेज खुलासा

Comments

No comments yet. Be the first!

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पॉश श्यामला हिल्स इलाके में मुख्यमंत्री निवास के पास हुई डॉक्टर से लूट की वारदात का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस घटना को पहले बाहरी बदमाशों की करतूत माना जा रहा था, वह दरअसल पीड़ित डॉक्टर की करीबी महिला परिचित की साजिश निकली।

पुलिस जांच में सामने आया कि 27 वर्षीय आलिया खान, जो खुद को समाजसेविका बताती है और एक NGO संचालित करती है, इस पूरी वारदात की मास्टरमाइंड है। उसने अपने साथी अरशान खान और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर डॉक्टर मनोज वर्मा की दिनचर्या की रेकी की और लूट की योजना बनाई।

जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर रोजाना सुबह साइकिलिंग के लिए निकलते थे और उनके हाथ में करीब 11 तोले का सोने का कड़ा रहता था। इसी लालच में आरोपियों ने योजना बनाकर 10 अप्रैल को पॉलीटेक्निक रोड के सुनसान इलाके में उन्हें निशाना बनाया।

जैसे ही डॉक्टर मौके पर पहुंचे, आरोपी अरशान खान ने उनकी साइकिल को टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद अन्य साथियों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और करीब 17 लाख रुपये कीमत का सोने का कड़ा लूटकर फरार हो गए।

घटना के बाद भोपाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए करीब 500 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच और कॉल डिटेल्स के आधार पर शक की सुई आलिया खान पर गई। पूछताछ में उसने पूरी साजिश कबूल कर ली।

पुलिस ने इस मामले में आलिया खान, अरशान खान, अदनान और मोहम्मद मुदस्सिर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अयान अब भी फरार है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने इस हाई-प्रोफाइल केस को सुलझाया। वीवीआईपी मूवमेंट वाले इलाके में हुई इस वारदात ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी थी, जिसे अब सफलतापूर्वक सुलझा लिया गया है।

Comments

No comments yet. Be the first!

खबरे और भी है...