केंद्रीय कैबिनेट का बड़ा फैसला: सिडबी को 5,000 करोड़ की इक्विटी सहायता

सिडबी को 5,000 करोड़ की इक्विटी सहायता

Comments

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में सामाजिक सुरक्षा और एमएसएमई सेक्टर को मजबूत करने के लिए दो बड़े फैसले लिए गए हैं। सरकार ने अटल पेंशन योजना को वित्त वर्ष 2030-31 तक जारी रखने और स्मॉल इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट बैंक ऑफ इंडिया (SIDBI) को 5,000 करोड़ रुपये की इक्विटी सहायता देने को मंजूरी दी है।

अटल पेंशन योजना 2030-31 तक जारी
कैबिनेट ने अटल पेंशन योजना (Atal Pension Yojana) को आगे बढ़ाने के साथ-साथ इसके प्रचार, जागरूकता, क्षमता निर्माण और विकासात्मक गतिविधियों के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता को भी मंजूरी दी है। साथ ही योजना की दीर्घकालिक स्थिरता बनाए रखने के लिए गैप फंडिंग जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

किसे मिलेगा अटल पेंशन योजना का लाभ
इस योजना का सीधा लाभ असंगठित क्षेत्र के मजदूरों, दिहाड़ी श्रमिकों, छोटे दुकानदारों और कम आय वर्ग के लोगों को मिलेगा। सरकार का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को पेंशन आधारित सामाजिक सुरक्षा से जोड़ना है।

कितनी मिलेगी गारंटीड पेंशन
अटल पेंशन योजना की शुरुआत 9 मई 2015 को की गई थी। इस योजना के तहत लाभार्थी को 60 वर्ष की आयु के बाद योगदान के आधार पर हर महीने 1,000 रुपये से लेकर 5,000 रुपये तक की गारंटीड पेंशन मिलती है।
19 जनवरी 2026 तक इस योजना से 8.66 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं, जिससे यह देश की सबसे लोकप्रिय सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में शामिल हो चुकी है।

MSME सेक्टर के लिए सिडबी को 5,000 करोड़ की मदद
कैबिनेट ने MSME सेक्टर को मजबूती देने के लिए सिडबी को 5,000 करोड़ रुपये की इक्विटी सहायता देने को भी मंजूरी दी है। यह राशि तीन चरणों में दी जाएगी—
2025-26: ₹3,000 करोड़,
2026-27: ₹1,000 करोड़,
2027-28: ₹1,000 करोड़,

सस्ते कर्ज से बढ़ेगा उद्योग और रोजगार
इस पूंजी सहायता से सिडबी की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और वह MSME सेक्टर को ज्यादा मात्रा में सस्ता कर्ज उपलब्ध करा सकेगा। सरकार के अनुसार, इससे सिडबी की मदद पाने वाले MSME की संख्या 76.26 लाख से बढ़कर 1.02 करोड़ तक पहुंच सकती है।

1.12 करोड़ नए रोजगार पैदा होने का अनुमान
सरकार का अनुमान है कि इस फैसले से करीब 1.12 करोड़ नए रोजगार पैदा हो सकते हैं, क्योंकि औसतन हर MSME लगभग 4 लोगों को रोजगार देता है। इससे स्टार्टअप्स, डिजिटल लोन, बिना गारंटी वाले कर्ज और वेंचर डेट को भी बढ़ावा मिलेगा।

समावेशी और मजबूत अर्थव्यवस्था की ओर भारत
अटल पेंशन योजना के विस्तार से करोड़ों लोगों को बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा मिलेगी, जबकि सिडबी को दी गई इक्विटी सहायता से MSME सेक्टर को मजबूती, सस्ता कर्ज और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
इन फैसलों को ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

खबरे और भी है...