जनगणना 2027: पहली बार पूरी तरह डिजिटल और जाति गणना भी होगी शामिल

केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने देश की अगली राष्ट्रीय जनगणना 2027 के पहले चरण की आधिकारिक घोषणा कर दी है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, जनगणना 2027 का पहला चरण 1 अप्रैल से 30 सितंबर के बीच आयोजित किया जाएगा, जिसमें घर-घर हाउसलिस्टिंग और आवास गणना की जाएगी। यह प्रक्रिया सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लागू होगी और प्रत्येक राज्य अपने क्षेत्र में इसे 30 दिनों के भीतर पूरा करेगा।
घरों की लिस्टिंग से होगी जनसंख्या गणना की तैयारी
पहले चरण में देशभर के सभी मकानों और परिवारों की सूची तैयार की जाएगी। इसमें मकान की स्थिति, सुविधाएं और परिवार से जुड़ी मूलभूत जानकारियां जुटाई जाएंगी, ताकि दूसरे चरण की जनसंख्या गणना के लिए ठोस आधार तैयार हो सके।
15 दिन पहले मिलेगा सेल्फ एन्यूमरेशन का विकल्प
गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि हाउसलिस्टिंग अभियान शुरू होने से 15 दिन पहले नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा दी जाएगी। लोग मोबाइल ऐप या पोर्टल के माध्यम से खुद अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसे डिजिटल और पारदर्शी जनगणना की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।







