पंजाब में सेहत की गारंटी लागू: 10 लाख तक मुफ्त इलाज

10 लाख तक मुफ्त इलाज

Comments

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली के विकास भवन में मुख्यमंत्री सेहत योजना का भव्य शुभारंभ किया। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे। यह योजना पंजाब के इतिहास में सार्वभौमिक स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

65 लाख परिवारों को मिलेगा 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज
इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत पंजाब के 65 लाख परिवारों यानी करीब 3 करोड़ लोगों को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त और कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। इलाज का खर्च सरकार वहन करेगी, चाहे मरीज सरकारी अस्पताल में जाए या निजी अस्पताल में।

बिना आय और आयु सीमा, हर पंजाबी को लाभ
मुख्यमंत्री सेहत योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कोई आय सीमा और आयु सीमा नहीं रखी गई है। सरकारी कर्मचारी, पेंशनभोगी, गरीब-अमीर सभी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। केवल शर्त यह है कि आधार कार्ड या वोटर कार्ड पंजाब का होना चाहिए।

9,000 कैंप लगाकर बनाए जाएंगे हेल्थ कार्ड
राज्यभर में 9,000 से अधिक एनरोलमेंट कैंप लगाए जाएंगे, जहां लोगों के स्वास्थ्य कार्ड बनाए जाएंगे। सरकार ने तीन से चार महीनों में सभी परिवारों तक कार्ड पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। यूथ क्लब के सदस्य घर-घर जाकर पर्चियां भी वितरित करेंगे।

कैंसर, दिल, किडनी से लेकर डिलीवरी तक इलाज शामिल
इस योजना में कैंसर, हार्ट सर्जरी, किडनी ट्रांसप्लांट, कीमोथेरेपी, घुटने का ऑपरेशन, जच्चा-बच्चा देखभाल, क्रिटिकल केयर समेत 23 से अधिक गंभीर बीमारियों का इलाज शामिल है। भर्ती से लेकर स्वस्थ होकर घर लौटने तक का पूरा खर्च सरकार उठाएगी।

900 से ज्यादा अस्पताल योजना में शामिल
अब तक 900 से अधिक सरकारी और निजी अस्पताल इस योजना में इम्पैनल किए जा चुके हैं। अस्पतालों को 15 दिनों के भीतर भुगतान करने की व्यवस्था की गई है, ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो।

अरविंद केजरीवाल बोले – अब बीमारी के कारण कोई नहीं मरेगा
लॉन्चिंग के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा, “आज का दिन ऐतिहासिक है। आजादी के 75 साल बाद पंजाब को असली सेहत की गारंटी मिली है। अब कोई भी पंजाबी बीमारी के कारण इलाज के अभाव में नहीं मरेगा।”
उन्होंने कहा कि यह योजना सभी के लिए है, किसी की जाति, पार्टी या वर्ग नहीं देखा जाएगा।

सीएम भगवंत मान का भावुक संदेश
सीएम मान ने कहा, “मैंने ऐसे परिवार देखे हैं जहां लोग इलाज के डर से मौत का इंतजार करते थे। अब वह दौर खत्म हो गया है। एक बार अस्पताल पहुंचिए, इलाज सरकार कराएगी।”
उन्होंने साफ कहा कि अब कोई नीला या हरा कार्ड नहीं, बल्कि हर घर इस योजना में शामिल है।

हरपाल चीमा बोले – पंजाब के लिए बहुत बड़ी खबर
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि “यह पंजाब के लोगों के लिए बहुत बड़ी खबर है। सरकार ने 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का वादा पूरा किया है।”