महाबलीपुरम से विजय का सियासी संदेश: TVK को मिला चुनाव चिन्ह

TVK को मिला चुनाव चिन्ह

Comments

तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। महाबलीपुरम में अभिनेता से नेता बने विजय ने अपनी पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) का चुनाव चिन्ह औपचारिक रूप से लॉन्च कर दिया। इस मौके पर विजय ने प्रतीकात्मक रूप से ‘सीटी’ फूंकी, जो अब TVK की राजनीतिक पहचान बन चुकी है।
चुनाव आयोग ने TVK को आधिकारिक तौर पर ‘सीटी (Whistle)’ चुनाव चिन्ह आवंटित किया है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि यह चिन्ह विजय की पहली पसंद था। TVK के संयुक्त महासचिव सीटीआर निर्मल कुमार ने बताया कि चुनाव आयोग को 10 संभावित चुनाव चिन्हों की सूची सौंपी गई थी, जिनमें से ‘सीटी’ को प्राथमिकता मिली।

2026 विधानसभा चुनाव: TVK की पहली बड़ी परीक्षा
करीब दो साल पहले स्थापित हुई TVK के लिए 2026 का तमिलनाडु विधानसभा चुनाव पहली और सबसे बड़ी राजनीतिक परीक्षा होगी। पार्टी नेतृत्व का दावा है कि जनता की अपेक्षाएं विजय से जुड़ी हैं और लोग उन्हें भविष्य के मुख्यमंत्री के रूप में देख रहे हैं। ऐसे में चुनाव चिन्ह का मिलना पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है।

फिल्मी करियर से राजनीति तक ‘सीटी’ का सफर
‘सीटी’ चिन्ह का विजय के फिल्मी करियर से गहरा संबंध रहा है। उनकी लोकप्रिय फिल्मों में ‘व्हिसल पोडु’ जैसे गाने और ‘बिगिल’ जैसी फिल्में शामिल हैं, जहां ‘सीटी’ को संघर्ष, चेतावनी और नेतृत्व के प्रतीक के रूप में दिखाया गया। 2024 में रिलीज़ हुई फिल्म GOAT में भी इस प्रतीक को विजय के राजनीतिक भविष्य से जोड़कर देखा गया था।

कार्यकर्ताओं में जोश, विपक्ष भी अलर्ट
चुनाव चिन्ह मिलने के बाद TVK कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी पूरे तमिलनाडु में ‘सीटी’ चिन्ह को जनता तक पहुंचाने के लिए अभियान तेज कर रही है। वहीं कांग्रेस नेता प्रवीण चक्रवर्ती ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “तमिलनाडु में 2026 विधानसभा चुनाव की सीटी बज चुकी है और सभी राजनीतिक दल अब पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुके हैं।”

युवाओं से जुड़ेगा ‘सीटी’ प्रतीक
TVK कार्यकर्ताओं का मानना है कि ‘सीटी’ चिन्ह युवाओं और आम मतदाताओं से तेजी से जुड़ पाएगा। पार्टी इसे बदलाव, चेतावनी और जन-जागरूकता का प्रतीक मानती है। आने वाले महीनों में विजय राज्यभर में संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को और तेज करेंगे।

खबरे और भी है...