Grahan 2026: भारत में सिर्फ एक चंद्रग्रहण प्रभावी

भारत में सिर्फ एक चंद्रग्रहण प्रभावी

Comments

वर्ष 2026 खगोलीय और ज्योतिषीय दृष्टि से बेहद खास रहने वाला है। इस साल कुल चार ग्रहण लगेंगे, जिनमें दो सूर्य ग्रहण और दो चंद्र ग्रहण शामिल हैं। खास बात यह है कि इन चारों में से भारत में केवल एक ही ग्रहण दिखाई देगा, इसलिए उसी का धार्मिक और ज्योतिषीय प्रभाव मान्य होगा।

भारत में प्रभावी रहेगा केवल 3 मार्च का चंद्रग्रहण
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, 3 मार्च 2026 को लगने वाला खग्रास चंद्रग्रहण भारत में दिखाई देगा। यह ग्रहण होली के आसपास पड़ रहा है और इसी कारण इसका धार्मिक महत्व और बढ़ जाता है।
इस चंद्रग्रहण का सूतक काल सुबह 9:39 बजे से शुरू होकर शाम 6:46 बजे तक रहेगा। चंद्रग्रहण चंद्रोदय के साथ शाम 6:26 बजे शुरू होकर 6:46 बजे समाप्त होगा।

सूतक काल के दौरान शुभ कार्य वर्जित माने जाते हैं और लोग पूजा-पाठ, मंत्र जाप और दान-पुण्य करते हैं।

सूर्य ग्रहण 2026: भारत में नहीं होगा दृश्य
साल का पहला सूर्य ग्रहण 17 फरवरी 2026 को फाल्गुन अमावस्या पर लगेगा। यह वलयाकार सूर्य ग्रहण होगा, जो दक्षिण अफ्रीका, अर्जेंटीना और अंटार्कटिका में दिखाई देगा। भारत में इसके न दिखने के कारण सूतक काल मान्य नहीं होगा।

वहीं दूसरा सूर्य ग्रहण 12 अगस्त 2026 को पूर्ण सूर्य ग्रहण के रूप में लगेगा, जो स्पेन, रूस और पुर्तगाल में देखा जा सकेगा। भारत में इसका भी कोई धार्मिक प्रभाव नहीं माना जाएगा।

राशियों पर ज्योतिषीय प्रभाव
ज्योतिष के अनुसार, भले ही सूर्य ग्रहण भारत में न दिखे, लेकिन इसका सूक्ष्म प्रभाव कुछ राशियों पर पड़ सकता है।
विशेष रूप से सिंह, मकर और कुंभ राशि के जातकों को फरवरी के सूर्य ग्रहण के दौरान धन, स्वास्थ्य और रिश्तों के मामलों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

वहीं 3 मार्च के चंद्रग्रहण का असर कन्या राशि, और 28 अगस्त के चंद्रग्रहण का असर मीन राशि पर देखा जा सकता है।

वैज्ञानिक और धार्मिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण
वैज्ञानिक दृष्टि से ग्रहण सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा की विशेष स्थिति के कारण होते हैं, जबकि धार्मिक मान्यताओं में इसे ऊर्जा परिवर्तन और आत्मचिंतन का समय माना जाता है।
काशी के ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि 2026 में केवल होली पर पड़ने वाला चंद्रग्रहण ही प्रभावकारी होगा, बाकी तीन ग्रहण भारत में न दिखने के कारण सामान्य रहेंगे।

खबरे और भी है...