बिटकॉइन ने फिर पकड़ी रफ्तार: निवेशकों में लौटा भरोसा

Comments
बिटकॉइन (Bitcoin) ने एक बार फिर निवेशकों को बड़ी राहत दी है। रविवार को दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी 91,000 डॉलर के अहम स्तर को पार कर गई। करीब 23 दिनों बाद बिटकॉइन ने यह मुकाम हासिल किया है, जिससे वैश्विक क्रिप्टो बाजार में सकारात्मक माहौल बनता दिख रहा है।
वैश्विक स्तर पर जारी आर्थिक अनिश्चितता, शेयर बाजारों की अस्थिरता और डॉलर से जुड़े दबावों के बीच बिटकॉइन की यह तेजी दर्शाती है कि निवेशक अब फिर से वैकल्पिक परिसंपत्तियों की ओर रुख कर रहे हैं। बिटकॉइन एक बार फिर ग्लोबल मार्केट के केंद्र में आ गया है।
ट्रेडिंग और लिक्विडेशन से मिला सपोर्ट
जानकारों के मुताबिक, इस तेजी के पीछे भारी ट्रेडिंग गतिविधि और बड़े पैमाने पर शॉर्ट-स्क्वीज अहम कारण रहे। एक घंटे के भीतर करीब 60 मिलियन डॉलर के सौदे हुए। जब कीमत गिरने पर दांव लगाने वाले ट्रेडर्स अपनी पोजीशन कवर करते हैं, तो अचानक मांग बढ़ जाती है, जिससे कीमतों में तेज उछाल आता है।
CoinSwitch Markets Desk के अनुसार, पिछले 24 घंटों में शॉर्ट-स्क्वीज के चलते बिटकॉइन की कीमत करीब 4.4% तक उछल गई।
24 घंटे और 7 दिन का प्रदर्शन
पिछले 24 घंटों में बिटकॉइन की कीमत में करीब 5% की तेजी दर्ज की गई। रविवार दोपहर यह 91,300–91,650 डॉलर के दायरे में कारोबार करता नजर आया। इसके साथ ही बिटकॉइन का कुल मार्केट कैप बढ़कर लगभग 1.82 ट्रिलियन डॉलर हो गया।
पिछले सात दिनों में बिटकॉइन ने 5% से अधिक का रिटर्न दिया है। यह तेजी ऐसे समय में आई है, जब हाल के हफ्तों में बाजार दबाव में था और कीमतें 80,000 डॉलर तक गिर गई थीं।
फेड रेट कट की उम्मीद से सुधरा सेंटिमेंट
अमेरिकी मैक्रो डेटा और कमजोर जॉब रिपोर्ट के बाद फेडरल रिजर्व के दिसंबर में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद तेज हुई है। CME FedWatch Tool के मुताबिक, दिसंबर बैठक में 25 बेसिस प्वाइंट रेट कट की संभावना बढ़कर 85.3% हो गई है।
विश्लेषकों का मानना है कि यदि बिटकॉइन $92,500 के ऊपर डेली क्लोजिंग देता है, तो कीमत $94,500–$95,000 की रेंज की ओर बढ़ सकती है।
लॉन्ग-टर्म होल्डर्स कर रहे मुनाफावसूली
Delta Exchange की रिसर्च एनालिस्ट रिया सहगल के अनुसार, लॉन्ग-टर्म होल्डर्स भारी मुनाफावसूली कर रहे हैं। LTH सप्लाई घटकर 13.6 मिलियन BTC रह गई है, जो 2023 के बाद सबसे निचला स्तर है।
हालांकि, Bitcoin-to-Gold रेशियो ऐतिहासिक ओवरसोल्ड ज़ोन में पहुंच चुका है, और अतीत में ऐसे हालात के बाद बिटकॉइन ने पारंपरिक एसेट्स से बेहतर प्रदर्शन किया है।
Altcoins में भी दिखी मजबूती
बिटकॉइन के साथ-साथ अन्य प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी में भी तेजी देखी गई।
Ethereum: 3–4% की बढ़त
XRP: करीब 2% ऊपर
Solana, BNB, Tron, Dogecoin, Cardano: 4% से ज्यादा की तेजी
इसके साथ ही वैश्विक क्रिप्टो मार्केट कैप बढ़कर 3.12 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया है।
निवेशकों के लिए क्या संकेत?
बिटकॉइन की यह तेजी बताती है कि बाजार में भरोसा धीरे-धीरे लौट रहा है। निवेशक जोखिम लेने को तैयार दिख रहे हैं और क्रिप्टो को अब केवल सट्टा नहीं, बल्कि आर्थिक अनिश्चितता से बचाव का साधन माना जाने लगा है।
हालांकि, विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि Altcoins में वोलैटिलिटी अभी बनी रह सकती है और निवेश से पहले सतर्कता जरूरी है।








