अमेरिका-कनाडा तनाव: ट्रंप बोले– “कनाडा अमेरिका की वजह से ही सुरक्षित”

Comments
स्विट्जरलैंड के दावोस में चल रहे वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) में वैश्विक व्यवस्था को लेकर दिए गए कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बयान के बाद अमेरिका और कनाडा के रिश्तों में तनाव साफ नजर आने लगा है। कार्नी के बयान पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कनाडा अमेरिका की वजह से ही सुरक्षित और अस्तित्व में है।
ट्रंप का 70 मिनट का भाषण, पश्चिमी सहयोगियों पर भी हमला
WEF के मंच से करीब 70 मिनट तक चले अपने भाषण में ट्रंप ने न केवल ग्रीनलैंड मुद्दे का जिक्र किया, बल्कि पश्चिमी सहयोगी देशों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका कनाडा को सुरक्षा और कई तरह की सुविधाएं देता है, इसके बावजूद वहां के नेतृत्व में कृतज्ञता की कमी दिखाई देती है।
ट्रंप ने कहा, “मैंने हाल ही में मार्क कार्नी को सुना, लेकिन उनके शब्दों में अमेरिका के प्रति धन्यवाद का भाव नहीं था। कनाडा अमेरिका की वजह से ही जिंदा है।”
‘गोल्डन डोम’ एयर डिफेंस सिस्टम का जिक्र
अपने भाषण के दौरान ट्रंप ने अमेरिका के प्रस्तावित ‘गोल्डन डोम’ एयर डिफेंस सिस्टम का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह सिस्टम सिर्फ अमेरिका ही नहीं, बल्कि कनाडा की सुरक्षा में भी अहम भूमिका निभाएगा। ट्रंप ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि भविष्य में बयान देने से पहले कनाडा को यह बात याद रखनी चाहिए।
कार्नी के बयान से शुरू हुआ विवाद
इससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने दावोस मंच से बिना अमेरिका या ट्रंप का नाम लिए अमेरिकी नेतृत्व वाली नियम-आधारित वैश्विक व्यवस्था को प्रभावहीन बताया था। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था अब पहले की तरह काम नहीं कर रही और बड़ी शक्तियां आर्थिक एकीकरण का इस्तेमाल दबाव और जबरदस्ती के हथियार के रूप में कर रही हैं।
छोटे और मध्यम देशों से एकजुट होने की अपील
कार्नी ने छोटे और मध्यम देशों से आपसी सहयोग बढ़ाने की अपील करते हुए चेतावनी दी, “अगर आप फैसलों की मेज पर नहीं हैं, तो आप मेन्यू में हैं।” उनके इस बयान को अमेरिका के वैश्विक दबदबे को सीधी चुनौती के रूप में देखा गया।
‘बोर्ड ऑफ पीस’ से कनाडा का न्योता वापस
कार्नी के भाषण से नाराज ट्रंप ने कनाडा को अपने ‘बोर्ड ऑफ पीस’ में शामिल होने का दिया गया न्योता वापस ले लिया। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि यह निर्णय कार्नी के हालिया बयानों के बाद लिया गया है। यह बोर्ड गाजा के पुनर्निर्माण और शासन व्यवस्था की देखरेख के लिए बनाया गया है।
सोशल मीडिया पोस्ट और 51वां राज्य वाला बयान
तनाव के बीच ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक विवादित नक्शा साझा किया, जिसमें कनाडा, ग्रीनलैंड और वेनेजुएला को अमेरिकी झंडे से ढका दिखाया गया। इससे पहले भी ट्रंप कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य कह चुके हैं, जिससे दोनों देशों के रिश्तों में कड़वाहट बढ़ती रही है।







