इटारसी में मामूली विवाद बना खूनी वारदात: ट्रॉली हटाने को लेकर युवक जयदीप भाट की चाकुओं से गोदकर हत्या

ट्रॉली हटाने को लेकर युवक जयदीप भाट की चाकुओं से गोदकर हत्या
प्रतिक्रियाएँ

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं

पहले आप अपनी बात रखें

CommentsReactionsFeedback

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के इटारसी में एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली हटाने को लेकर शुरू हुए झगड़े में 19 वर्षीय युवक जयदीप उर्फ बंटा भाट की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार और रविवार की रात न्यास कॉलोनी की ओझा बस्ती में हुई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी मनोज ठाकुर समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया है।
घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित होकर थाने पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। उनका आरोप है कि इस वारदात में कई अन्य लोग भी शामिल थे, जिन्हें पुलिस ने अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है।

ट्रॉली हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार भाट मोहल्ला निवासी जयदीप भाट शनिवार रात अपनी मुंहबोली बहन के घर ओझा बस्ती गया था। उसकी बहन मकान खाली कर रही थी, इसलिए घर का सामान ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखा जा रहा था। रात करीब 1:30 बजे आरोपी मनोज ठाकुर वहां पहुंचा और सड़क पर खड़ी ट्रॉली हटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया।
पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि मनोज ठाकुर और उसके साथियों ने जयदीप को रेलवे लाइन के पास स्थित मंदिर के पास ले जाकर उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

मदद के लिए पुकारता रहा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक झगड़े के दौरान इलाके में चीख-पुकार सुनाई दे रही थी। गंभीर रूप से घायल जयदीप अपनी जान बचाने के लिए मदद मांगता रहा, लेकिन डर के कारण आसपास के लोग घरों से बाहर नहीं निकले। कुछ देर बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जेब में रखे नोट भी चाकू से कट गए
मृतक के परिवार के मुताबिक जयदीप ट्रेनों में अखबार बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों का दावा है कि हमलावरों ने उस पर इतने ज्यादा चाकू से वार किए कि उसकी जेब में रखे नोट भी कट गए। परिवार का कहना है कि उसके शरीर पर 100 से अधिक घाव हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

परिजनों का थाने में हंगामा
घटना के बाद मृतक के परिजन थाने पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस हत्या में करीब एक दर्जन लोग शामिल थे। मृतक की मां बिट्टी और भाई अमन का कहना है कि आरोपियों ने पहले भी उन्हें धमकियां दी थीं। परिजनों ने पुलिस से सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।

तीन आरोपी हिरासत में, जांच जारी
इटारसी थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के मुताबिक हत्या के मामले में मुख्य आरोपी मनोज ठाकुर समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच ब्याज के पैसों के लेनदेन को लेकर भी पहले से विवाद चल रहा था।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इलाके में दहशत का माहौल
इस नृशंस हत्या के बाद ओझा बस्ती और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना से बेहद आक्रोशित हैं और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

प्रतिक्रियाएँ

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं

पहले आप अपनी बात रखें

CommentsReactionsFeedback

खबरे और भी है...