खरगे के ‘आतंकवादी’ बयान पर सियासी बवाल: सफाई के बाद भी बीजेपी का कांग्रेस पर तीखा हमला

सफाई के बाद भी बीजेपी का कांग्रेस पर तीखा हमला

Comments

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चेन्नई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और AIADMK के गठबंधन पर निशाना साधते हुए विवादित टिप्पणी कर दी। खरगे ने कहा कि AIADMK ऐसे व्यक्ति के साथ कैसे जुड़ सकती है, जो समानता और न्याय में विश्वास नहीं करता। इसी दौरान उन्होंने पीएम मोदी के लिए ‘आतंकवादी’ शब्द का इस्तेमाल किया, जिसके बाद सियासी विवाद खड़ा हो गया।

पत्रकारों के सवाल पर दी सफाई
बयान पर विवाद बढ़ने के बाद जब पत्रकारों ने उनसे सवाल किया, तो खरगे ने अपनी टिप्पणी पर सफाई देते हुए कहा कि उनका आशय ‘आतंकित करने’ और लोकतांत्रिक व्यवस्था को डराने-धमकाने से था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने को कमजोर कर रहे हैं, उसी संदर्भ में उन्होंने यह शब्द कहा था।

बीजेपी ने किया पलटवार
खरगे के बयान पर बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा कि यह सिर्फ जुबान फिसलना नहीं है, बल्कि कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कांग्रेस पार्टी की सोची-समझी रणनीति है, जिसमें प्रधानमंत्री का अपमान करने की कोशिश की जा रही है।

पीयूष गोयल ने मांगी माफी
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी कांग्रेस और DMK पर हमला बोलते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रधानमंत्री का इस तरह अपमान करना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से देश और जनता से माफी मांगने की मांग की।

चुनावी माहौल में गरमाई राजनीति
पांच राज्यों में चुनावी माहौल के बीच इस बयान ने राजनीतिक तापमान और बढ़ा दिया है। बीजेपी इस मुद्दे को कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति बता रही है, जबकि कांग्रेस इसे संदर्भ से हटाकर पेश किए जाने का आरोप लगा रही है। आने वाले दिनों में यह विवाद चुनावी मंचों पर और जोर पकड़ सकता है।

Comments

खबरे और भी है...