शहडोल न्यूज आदिवासी सरपंच सीईओ पर आरोप: आदिवासी महिला सरपंच से कथित अभद्रता पर बवाल, सीईओ के खिलाफ सड़क पर उतरा सरपंच

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
आदिवासी महिला सरपंच से कथित अभद्रता पर भड़का सरपंच संघ, सीईओ के तबादले की मांग तेज
मध्य प्रदेश शहडोल जिले में जिला पंचायत सीईओ पर आदिवासी महिला सरपंच के साथ कथित अभद्र व्यवहार और अपशब्द कहने के आरोप के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को जिला सरपंच संघ ने इस घटना के विरोध में कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जिला पंचायत सीईओ के तत्काल स्थानांतरण एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत सोहागपुर की ग्राम पंचायत बोडरी की आदिवासी महिला सरपंच गणेशिया बाई कोली ने आरोप लगाया है कि उनकी पंचायत में पिछले करीब चार माह से सचिव का पद रिक्त है। इसके चलते विकास कार्य, शासकीय योजनाओं का संचालन और ग्रामीणों के आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसी समस्या को लेकर वह 6 जुलाई को जिला पंचायत सीईओ से मिलने पहुंची थीं। उनका आरोप है कि समस्या सुनने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया।
इस घटना के विरोध में जिलेभर के सरपंच एकजुट होकर सड़क पर उतर आए। सरपंचों का कहना है कि यदि किसी निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार किया जाएगा, तो लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों के सम्मान पर सवाल खड़े होंगे। सरपंच संघ ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत सीईओ का व्यवहार केवल जनप्रतिनिधियों के प्रति ही नहीं, बल्कि विभागीय कर्मचारियों के साथ भी संतोषजनक नहीं है।
जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह 'शिवम' ने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर जिला पंचायत सीईओ का स्थानांतरण नहीं किया गया, तो जिले के सभी सरपंच सामूहिक रूप से कार्य का बहिष्कार करेंगे। इसके बाद जिला पंचायत कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा और आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
फिलहाल इस मामले को लेकर जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले ने जिले की राजनीति और पंचायत व्यवस्था में नई बहस छेड़ दी है।

