हनीमून बना दुःस्वप्न: दार्जिलिंग के होटल में पति ने नवविवाहिता को सीढ़ियों से नीचे धकेला

दार्जिलिंग के होटल में पति ने नवविवाहिता को सीढ़ियों से नीचे धकेला
प्रतिक्रियाएँ

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं

पहले आप अपनी बात रखें

CommentsReactionsFeedback

महाराष्ट्र के लोहाघाट में मंगेतर को पहाड़ी से धकेलने और पुणे के चर्चित 'सिया-चेतन' मामले की सनसनी अभी शांत भी नहीं हुई थी कि दिल्ली-एनसीआर के नोएडा से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां सेक्टर-75 की रहने वाली एक नवविवाहिता ने अपने पति पर हनीमून के दौरान दार्जिलिंग में सीढ़ियों से धक्का देकर जान लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत और गंभीर मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नोएडा के सेक्टर-113 थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ जानलेवा हमले सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

शादी के अगले ही दिन से शुरू हुआ प्रताड़ना का सिलसिला
पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उनका विवाह बीती 30 अप्रैल 2026 को हरविंदर चौहान नामक युवक के साथ हुआ था। लेकिन शादी की खुशियां चौबीस घंटे भी नहीं टिक सकीं। आरोप है कि शादी के अगले ही दिन से आरोपी पति हरविंदर उसके साथ गाली-गलौज और बेरहमी से मारपीट करने लगा था। शादी के कुछ दिन बाद जब दोनों नवदंपति के रूप में हनीमून मनाने के लिए सिक्किम और दार्जिलिंग गए, तो वहां भी पति का हिंसक व्यवहार नहीं बदला।

 

दार्जिलिंग के होटल में जान से मारने की नीयत से दिया धक्का
पीड़िता का आरोप है कि यह महज एक घरेलू विवाद नहीं, बल्कि उसे रास्ते से हटाने की एक गहरी साजिश थी। 9 मई को दार्जिलिंग के एक होटल में रुके रहने के दौरान, आरोपी हरविंदर ने पीड़िता को जान से मारने की नीयत से अचानक होटल की सीढ़ियों से नीचे धक्का दे दिया। इस अचानक हुए जानलेवा हमले के कारण नवविवाहिता सीढ़ियों से लुढ़कती हुई नीचे जा गिरी, जिससे उसके दोनों घुटनों, सिर, पीठ और पेट में गंभीर अंदरूनी व बाहरी चोटें आईं। हादसे के वक्त आरोपी ने उसे मुंह बंद रखने और जान से मारने की धमकी भी दी।

 

नोएडा लौटकर भी की बर्बरता, मोबाइल तोड़कर हुआ फरार
दार्जिलिंग में इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों 10 मई को नोएडा वापस लौटे। पीड़िता ने जब अपने परिवार को बताने और पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो आरोपी पति आगबबूला हो गया। उसने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए पीड़िता का मोबाइल फोन जमीन पर पटक कर तोड़ दिया और उसके पेट में लात, थप्पड़ व घूंसे मारे। बर्बरता की हद तो तब हो गई जब वारदात के अगले ही दिन आरोपी अपनी पत्नी को लहूलुहान और घायल अवस्था में घर पर अकेला छोड़कर अपने पिता के घर फरार हो गया।

 

मेडिकल रिपोर्ट के बाद पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, तलाश जारी
गंभीर रूप से घायल पीड़िता ने किसी तरह अकेले ही अपना प्राथमिक इलाज कराया। इसके बाद बीते 17 जून को अपना सरकारी मेडिकल परीक्षण (मेडिकल लीगल केस) कराने के बाद वह सेक्टर-113 थाने पहुंची और पुलिस को पूरी आपबीती बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी पति हरविंदर चौहान के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और साजिश रचने की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

 

एसीपी राकेश प्रताप सिंह का बयान: "पीड़िता की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सेक्टर-113 थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। मामले की निष्पक्ष और गहनता से छानबीन की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें प्रयास कर रही हैं।"

प्रतिक्रियाएँ

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं

पहले आप अपनी बात रखें

CommentsReactionsFeedback

खबरे और भी है...