टंकी की क्षमता से ज्यादा पेट्रोल का दावा: बिल देखकर उपभोक्ता ने मांगी जांच

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
बाइक की टंकी छोटी, बिल में पेट्रोल ज्यादा! अनूपपुर के पेट्रोल पंप पर उपभोक्ता ने उठाए सवाल
अनूपपुर। पेट्रोल भरवाने पहुंचे एक बाइक सवार को उस वक्त हैरानी हुई, जब उसकी मोटरसाइकिल की टंकी की क्षमता और पेट्रोल की रसीद में दर्ज मात्रा के बीच बड़ा अंतर नजर आया। मामला धरहर कला स्थित विनायक फिलिंग स्टेशन का बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने पूरे घटनाक्रम को लेकर पेट्रोल पंप की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।
जमुना कॉलोनी निवासी आशुतोष मनोज मिश्रा के मुताबिक, उन्होंने 7 अगस्त को अपनी हीरो होंडा मोटरसाइकिल क्रमांक MP 65 JP 7193 में पेट्रोल भरवाया। पंप से जारी बिल में 14.62 लीटर पेट्रोल दर्ज किया गया, जिसकी कीमत करीब ₹1,700 बताई गई।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उनकी बाइक की टंकी की क्षमता करीब 11 लीटर है और पेट्रोल डलवाने से पहले उसमें लगभग 2 लीटर ईंधन मौजूद था। ऐसे में रसीद में दर्ज मात्रा ने उन्हें चौंका दिया। अब सवाल यह है कि आखिर बाइक की निर्धारित क्षमता से अधिक पेट्रोल की मात्रा बिल में कैसे दर्ज हुई?
मामले को लेकर उपभोक्ता ने संबंधित कंपनी और विभाग से पेट्रोल पंप के मीटर, मशीन की रीडिंग और पेट्रोल की वास्तविक मात्रा की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
शिकायतकर्ता ने कहा कि यह सिर्फ एक ग्राहक का मामला नहीं, बल्कि पेट्रोल की मात्रा को लेकर उपभोक्ताओं के भरोसे से जुड़ा सवाल है। इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच कर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पेट्रोल पंप संचालक का पक्ष सामने आने पर तस्वीर और स्पष्ट होगी।

