सतना नदी में महिला का शव बरामद।: दो घंटे की तलाश के बाद मिला शव।

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
सतना नदी में डूबी 35 वर्षीय महिला का शव बरामद, विवाद के बाद सामने आई दर्दनाक घटना
सतना। जिले के जिगनहट रपटा के पास सतना नदी में डूबी 35 वर्षीय महिला मधु सिंह का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया। महिला के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महिला का शव नदी से बाहर निकाला जा सका।
मधु सिंह मूल रूप से नागौद थाना क्षेत्र के तुर्री गांव की रहने वाली थीं। जानकारी के अनुसार, वह पिछले कुछ वर्षों से अपने पति रोहित सिंह और बेटे के साथ धवारी महादेवा क्षेत्र में रह रही थीं।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सोमवार सुबह पति-पत्नी के बीच पैसों को लेकर किसी बात पर विवाद हुआ था। इसके बाद महिला के नदी में डूबने की घटना सामने आई। हालांकि वह किन परिस्थितियों में नदी तक पहुंचीं और घटना की वास्तविक वजह क्या रही, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया। स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम ने नदी में काफी देर तक तलाश की, जिसके बाद महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतका के परिवार में शोक का माहौल है।

