EPFO Old PF Interest Rules: पुराने PF खाते में बिना पैसा जमा किए भी मिलता है ब्याज

पुराने PF खाते में बिना पैसा जमा किए भी मिलता है ब्याज
प्रतिक्रियाएँ

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं

पहले आप अपनी बात रखें

Comments • Reactions • Feedback

नौकरी छोड़ने के बाद भी पुराने PF खाते पर मिलता है ब्याज

नौकरी बदलने, विदेश जाने या काम छोड़ने के बाद कई कर्मचारी अपना पुराना पीएफ (PF) खाता भूल जाते हैं। उनके मन में अक्सर सवाल रहता है कि अगर तीन साल तक खाते में कोई नया पैसा जमा नहीं हुआ, तो क्या ब्याज मिलना बंद हो जाएगा? कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने स्पष्ट किया है कि खाते में योगदान रुकने का मतलब यह नहीं है कि उस पर तुरंत ब्याज मिलना बंद हो जाएगा। कुछ विशेष परिस्थितियों में बिना नया पैसा जमा किए भी पुराने पीएफ खाते में ब्याज जुड़ता रहता है।

ईपीएफ योजना 1952 के पैरा 72(6) के तहत खाते के निष्क्रिय होने के नियम निर्धारित किए गए हैं। अगर कोई कर्मचारी 55 साल की उम्र से पहले नौकरी छोड़ देता है, तो उसके पुराने पीएफ खाते में 58 साल की उम्र तक ब्याज मिलता रहता है। यानी इस दौरान कर्मचारी नया योगदान न भी करे, तब भी खाते में ब्याज जुड़ सकता है। हालांकि, 55 साल या उससे अधिक उम्र में रिटायर होने वाले कर्मचारियों के लिए नियम अलग है।

कब तक मिलता है पुराने PF खाते पर ब्याज?

अगर कोई कर्मचारी 55 साल या उससे अधिक उम्र में रिटायर होता है, तो उसके खाते में आखिरी योगदान के बाद 36 महीने यानी तीन साल तक पैसा न निकालने पर खाता निष्क्रिय हो सकता है। उदाहरण के लिए, अगर कोई कर्मचारी 58 साल की उम्र में रिटायर होता है, तो पैसा नहीं निकालने की स्थिति में उसे 61 साल की उम्र तक ब्याज मिल सकता है। इसके बाद खाता इनऑपरेटिव यानी निष्क्रिय हो जाता है और उस पर ब्याज मिलना बंद हो जाता है।

इन चार स्थितियों में निष्क्रिय हो सकता है PF खाता

EPFO के नियमों के मुताबिक, कुछ खास परिस्थितियों में पीएफ खाते को निष्क्रिय माना जा सकता है। पहली स्थिति में कर्मचारी के 55 साल या उससे अधिक उम्र में रिटायर होने के बाद 36 महीने तक पैसा नहीं निकाला जाता। दूसरी स्थिति में कर्मचारी हमेशा के लिए विदेश में बस जाता है और 36 महीने तक खाते में कोई योगदान नहीं होता। तीसरी स्थिति में खाताधारक की मृत्यु के बाद नॉमिनी या कानूनी वारिस 36 महीने के भीतर क्लेम नहीं करते। चौथी स्थिति में फाइनल सेटलमेंट का पैसा गलत या बंद बैंक खाते के कारण वापस लौट जाता है और 36 महीने तक उस पर कोई दावा नहीं किया जाता।

निष्क्रिय खाते से पैसा निकालने के लिए कौन-सा फॉर्म जरूरी?

पीएफ खाते के निष्क्रिय होने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि उसमें जमा आपकी मेहनत की कमाई खत्म हो गई है। खाताधारक, नॉमिनी या कानूनी वारिस जरूरी सत्यापन पूरा करके जमा राशि का दावा कर सकते हैं। इसके लिए अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से फॉर्म निर्धारित हैं। पूरा पीएफ निकालने के लिए फॉर्म 19, पुराने पीएफ को नए खाते में ट्रांसफर करने के लिए फॉर्म 13 और मृत सदस्य के खाते से पैसा निकालने के लिए नॉमिनी या कानूनी वारिस फॉर्म 20 भर सकते हैं।

पुराने PF खाते को दोबारा चालू करने और पैसा निकालने का तरीका

पुराने पीएफ खाते से पैसा निकालने के लिए सबसे पहले EPFO मेंबर पोर्टल या UMANG ऐप पर जाकर अपना UAN चेक करें। इसके बाद आधार, पैन और बैंक खाते से जुड़ी KYC जानकारी अपडेट करें। नौकरी छोड़ने की तारीख यानी Date of Exit भी सही दर्ज होनी चाहिए। अगर UAN उपलब्ध नहीं है या खाता सुरक्षा कारणों से ब्लॉक है, तो EPFO के फील्ड ऑफिस में जाकर पहचान सत्यापित कराई जा सकती है। इसके अलावा 'निधि आपके निकट 2.0' कैंप की मदद भी ली जा सकती है।

KYC वेरिफिकेशन के बाद कैसे मिलेगा पैसा?

अगर पुरानी कंपनी चालू है, तो उसे 15 दिनों के भीतर KYC सत्यापन करना होता है। कंपनी बंद हो चुकी है, तो EPFO का संबंधित फील्ड ऑफिस यह प्रक्रिया पूरी कर सकता है। खाता अनब्लॉक होने और जरूरी सत्यापन पूरा होने के बाद कर्मचारी अपनी जरूरत के अनुसार फॉर्म 19 या फॉर्म 13 जमा कर सकता है। दावा मंजूर होने पर पैसा KYC सत्यापित बैंक खाते में भेज दिया जाता है। इसलिए नौकरी बदलने या छोड़ने के बाद भी अपने पुराने PF खाते और UAN की जानकारी संभालकर रखना जरूरी है।

प्रतिक्रियाएँ

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं

पहले आप अपनी बात रखें

Comments • Reactions • Feedback