Flat for Just ₹155: चीन में सिर्फ 155 रुपये में मिला 2 BHK फ्लैट155 रुपये में मिला 2 BHK फ्लैट कहते हैं कि किस्मत जब मेहरबान होती है तो इंसान को उम्मीद से बढ़कर मिल जाता है। चीन में एक शख्स के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। उसकी किस्मत ऐसी चमकी कि उसने मात्र 155 रुपये में 2 BHK फ्लैट खरीद लिया, वो भी पूरी तरह फर्निश्ड। जितने पैसे में एक कप कॉफी भी मुश्किल से मिलती है, उतनी रकम में वह पूरे घर का मालिक बन गया। इस अनोखी डील की चर्चा अब सोशल मीडिया पर हो रही है। डबल 11 शॉपिंग फेस्टिवल में हुई नीलामी यह अनोखी डील चीन के सबसे बड़े शॉपिंग फेस्टिवल 'डबल 11' के दौरान हुई। इसे चीन का 'ब्लैक फ्राइडे' भी कहा जाता है। इसी मौके पर अलीबाबा ऑक्शन प्लेटफॉर्म पर एक फ्लैट की नीलामी आयोजित की गई थी। नीलामी की अनोखी शर्त साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लैट की बोली सिर्फ 1 युआन से शुरू हुई थी। हर बार बोली में केवल 0.01 युआन की बढ़ोतरी की जा सकती थी। इस नीलामी में सबसे बड़ी बोली 11 युआन यानी करीब 155 रुपये तक ही लगाई जा सकती थी। जो व्यक्ति सबसे पहले 11 युआन की बोली लगाता, फ्लैट उसी को मिलना था। 1677 लोगों ने लगाई बोली इस खास डील को हासिल करने के लिए कुल 1,677 लोग मैदान में उतर गए। नीलामी के दौरान कुल 1,001 बोलियां लगाई गईं और महज 2 मिनट 20 सेकंड में पूरी प्रक्रिया खत्म हो गई। पूर्वी चीन के जियांगसू-झेजियांग इलाके के एक शख्स ने सबसे पहले 11 युआन की बोली लगाकर यह मुकाबला जीत लिया।