Monali Thakur Interview: मोनाली ठाकुर बोलीं- मेरी संगीत यात्रा का खास गीत अभी नहीं आया

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
मोनाली ठाकुर ने साझा किए संगीत यात्रा के अनुभव
कुछ आवाजें ऐसी होती हैं, जो सिर्फ कानों तक नहीं पहुंचतीं, बल्कि सीधे दिल में उतर जाती हैं। बॉलीवुड सिंगर मोनाली ठाकुर भी ऐसी ही आवाज की पहचान हैं। ‘सवार लूं’, ‘मोह-मोह के धागे’ और ‘रेस’ जैसे लोकप्रिय गीतों से अपनी अलग पहचान बनाने वाली मोनाली के लिए संगीत केवल करियर नहीं, बल्कि जिंदगी का अहम हिस्सा है। हाल ही में अपने स्वतंत्र गीत ‘मैं बावरी’ को लेकर चर्चा में आईं मोनाली ने एक खास बातचीत में अपनी संगीत यात्रा, करियर के अनुभव और इस गीत से जुड़े किस्से साझा किए।
मेरी संगीत यात्रा को बयां करने वाला गाना अभी नहीं आया
बातचीत के दौरान मोनाली ने कहा कि उनका जन्म ही गाना गाने के लिए हुआ है। वह संगीत से जुड़े परिवार से आती हैं और बचपन से ही उनके आसपास संगीत का माहौल रहा है। उनके लिए संगीत सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि उनकी पहचान है। हालांकि, वह मानती हैं कि उनकी पूरी संगीत यात्रा को बयां करने वाला गीत अभी तक सामने नहीं आया है। उनके शब्दों में, ‘मेरी म्यूजिकल जर्नी को बयां करने वाला गाना अभी आया ही नहीं।’
आइसलैंड के खराब मौसम में शूट किया ‘मैं बावरी’
मोनाली ने अपने स्वतंत्र गीत ‘मैं बावरी’ को खास अनुभव बताया। इस गाने की शूटिंग आइसलैंड में की गई, जहां मौसम बेहद खराब और अप्रत्याशित था। खास बात यह रही कि उन्होंने बिना किसी क्रू की मदद के इस गाने को शूट किया।
मोनाली ने बताया कि उन्हें ठंड पसंद है, लेकिन आइसलैंड का मौसम काफी चुनौतीपूर्ण था। जिंदगी के उतार-चढ़ावों से उबरने के बाद उन्होंने इस गीत को स्वतंत्र रूप से रिलीज किया। उन्हें खुशी है कि दर्शकों और श्रोताओं ने इसे खूब प्यार दिया।
संगीत ही मेरी पहचान है
मोनाली के लिए संगीत किसी तय मुकाम तक पहुंचने का माध्यम भर नहीं है। यह उनके जीवन का हिस्सा है, जिससे उनका रिश्ता बचपन से जुड़ा हुआ है। लोकप्रिय फिल्मी गीतों के साथ-साथ स्वतंत्र संगीत में भी अपनी रचनात्मक पहचान बनाने की उनकी कोशिश जारी है। ‘मैं बावरी’ इसी सफर का एक खास पड़ाव है।








