Shiva Kund Mystery: भगवान शिव के आंसुओं से बने दो पवित्र कुंड की मान्यता

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
शिवजी के आंसुओं से जुड़े हैं दो पवित्र कुंड
हिंदू धर्म में कई नदियों, झीलों और सरोवरों को देवी-देवताओं से जोड़कर देखा जाता है। ऐसी ही एक धार्मिक मान्यता भगवान शिव और माता सती की कथा से जुड़ी है। मान्यता है कि माता सती के वियोग में भगवान शिव की आंखों से आंसुओं की दो बूंदें गिरी थीं। इनसे दो पवित्र जलाशयों का निर्माण हुआ। इनमें से एक राजस्थान के पुष्कर में है, जबकि दूसरा पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के कटास राज मंदिर परिसर में मौजूद है।
पाकिस्तान के कटास राज मंदिर का पौराणिक महत्व
कटास राज मंदिर पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के चकवाल जिले में नमक कोह यानी साल्ट रेंज की पहाड़ियों पर स्थित प्राचीन हिंदू तीर्थस्थल है। यहां कई प्राचीन मंदिरों का समूह है, जिसे कटास राज मंदिर परिसर कहा जाता है। माना जाता है कि परिसर के अधिकांश मंदिरों का निर्माण 6वीं से 10वीं शताब्दी के बीच हुआ था। हालांकि, इससे जुड़ी पौराणिक कथाएं इसे भगवान शिव और महाभारत काल से जोड़ती हैं।
कटास राज कुंड को लेकर धार्मिक मान्यता
धार्मिक मान्यता के अनुसार, माता सती के वियोग में भगवान शिव की आंखों से निकली आंसुओं की एक बूंद पाकिस्तान के कटास राज में गिरी थी। इसी बूंद से यहां पवित्र कुंड बनने की मान्यता है। यह भी कहा जाता है कि 'कटास' शब्द संस्कृत के 'कटाक्ष' से निकला है, जिसका अर्थ आंसुओं से भरी आंखें होता है।
महाभारत और पांडवों से जुड़ी कथा
कटास राज मंदिर परिसर का संबंध महाभारत की कथाओं से भी जोड़ा जाता है। मान्यता है कि वनवास के दौरान पांडवों ने यहां कुछ समय बिताया था। इसी स्थान पर यक्ष ने युधिष्ठिर से कई सवाल पूछे थे और उन्होंने अपनी बुद्धिमत्ता से सभी प्रश्नों के उत्तर दिए थे। इस प्रसंग को महाभारत की प्रसिद्ध यक्ष प्रश्न कथा से जोड़कर देखा जाता है।
राजस्थान के पुष्कर में दूसरा पवित्र सरोवर
राजस्थान के अजमेर जिले में स्थित पुष्कर सरोवर हिंदू धर्म के प्रमुख तीर्थस्थलों में गिना जाता है। इसे तीर्थराज यानी तीर्थों का राजा भी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान शिव के आंसुओं की दूसरी बूंद पुष्कर में गिरी थी, जिससे इस सरोवर का निर्माण हुआ। हालांकि, पुष्कर सरोवर की उत्पत्ति को लेकर भगवान ब्रह्मा से जुड़ी एक अन्य पौराणिक कथा भी प्रचलित है।
ब्रह्मा जी के कमल और पुष्कर के 52 घाट
एक प्रसिद्ध पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान ब्रह्मा के हाथ से कमल का फूल गिरा था। जहां-जहां उसकी पंखुड़ियां गिरीं, वहां जलधाराएं प्रकट हुईं और पुष्कर सरोवर का निर्माण हुआ। इसी कारण पुष्कर को भगवान ब्रह्मा की नगरी भी कहा जाता है। सरोवर के चारों ओर 52 स्नान घाट और करीब 400 से 500 छोटे-बड़े मंदिर मौजूद हैं। वराह घाट, ब्रह्म घाट और गौ घाट प्रमुख हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र स्नान के लिए पहुंचते हैं। इसी अवसर पर प्रसिद्ध पुष्कर मेले का भी आयोजन होता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन सरोवर में स्नान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।








