भीषण सड़क हादसे में एक की मौत, तीन गंभीर घायल: मैहर में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
मैहर में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक की मौत, तीन गंभीर
मैहर। ताला थाना क्षेत्र के खजुरी कोठार में सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। यहां दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल मदद पहुंचाई और घटना की सूचना पुलिस को दी। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को बेहतर उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ताला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दोनों बाइक किस परिस्थितियों में आमने-सामने आईं, इसे लेकर पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी ले रही है।
फिलहाल हादसे में एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के गंभीर घायल होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस की जांच के बाद दुर्घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

