70 किलो महुआ लहान मौके पर नष्ट: 7 आरोपियों से 88 लीटर शराब जब्त

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
सरई में अवैध महुआ शराब के खिलाफ पुलिस की दबिश, 7 मामलों में 88 लीटर शराब जब्त
अनूपपुर। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सरई चौकी क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर टीम ने दबिश देकर सात लोगों के कब्जे से कुल 88 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की।
पुलिस के अनुसार जब्त शराब की अनुमानित कीमत 8,800 रुपये है। कार्रवाई के बाद संबंधित आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
मौके पर नष्ट किया 70 किलो महुआ लहान
कार्रवाई के दौरान पुलिस को शराब बनाने के लिए तैयार रखा गया करीब 70 किलोग्राम महुआ लहान भी मिला। इसे मौके पर ही विधिवत नष्ट कराया गया, ताकि इससे दोबारा अवैध शराब तैयार न की जा सके।
पुलिस की कार्रवाई ग्राम तरंग और वॉशिंग डोंगरी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर की गई। कार्रवाई में सुरेन्द्र सिंह, गंगा सिंह, गणेश सिंह गोंड, लखन सिंह, लाल सिंह परस्ते, रानिया बाई और बोधन सिंह के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने सूचना मिलते ही की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब के निर्देशन में चलाए जा रहे अवैध शराब विरोधी अभियान के तहत की गई। करनपठार थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश उपाध्याय और सरई चौकी प्रभारी मंगला दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

