तेज रफ्तार ट्रक ने चार गौवंशों की ली जान: सोहागपुर पुलिस ने ट्रक जब्त कर शुरू की कार्रवाई
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
शहडोल में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने हाईवे पर मचाई तबाही, 4 गौवंशों की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। भारत पेट्रोल पंप के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे एक ट्रक ने सड़क पर मौजूद गौवंशों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि चार गौवंशों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक गौमाता गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना का दृश्य बेहद हृदयविदारक था। कई गौवंश ट्रक के पहियों के नीचे बुरी तरह कुचल गए थे, जिससे आसपास मौजूद लोगों में आक्रोश और दुख का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही अटल कामधेनु गौसेवा संस्थान की टीम तत्काल मौके पर पहुँची और घायल गौमाता का रेस्क्यू कर उपचार के लिए अपने गौसेवा केंद्र ले गई।
घटना के बाद सोहागपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक क्रमांक CG10BP0860 को जब्त कर लिया। गौसेवा संस्थान ने वाहन चालक एवं संबंधित जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर बेसहारा घूम रहे गौवंशों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर मूक प्राणियों की जान जा रही है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नजर नहीं आ रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे किनारे गौवंशों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था करने और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

