India-US Trade Deal: नए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर का बड़ा बयान

नए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर का बड़ा बयान

Comments

India-US Trade Deal को लेकर एक बड़ा और सकारात्मक अपडेट सामने आया है। भारत में नियुक्त नए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने घोषणा की है कि भारत और अमेरिका के बीच रुकी हुई ट्रेड डील पर 13 जनवरी 2026 से दोबारा बातचीत शुरू होगी। इस बयान के बाद न केवल कूटनीतिक हलकों में हलचल तेज हुई, बल्कि शेयर बाजार में भी जोरदार तेजी देखने को मिली।

नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास में अपने पहले दिन संबोधन के दौरान सर्जियो गोर ने भारत-अमेरिका संबंधों को दुनिया के लिए सबसे निर्णायक बताते हुए कहा कि “अमेरिका के लिए भारत से ज्यादा महत्वपूर्ण कोई साझेदार नहीं है।” उन्होंने साफ किया कि उनका उद्देश्य दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को अगले स्तर तक ले जाना है।

सर्जियो गोर, जिन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का करीबी माना जाता है, ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ट्रंप की दोस्ती सच्ची है। उन्होंने कहा कि सच्चे दोस्त मतभेदों के बावजूद समाधान निकाल ही लेते हैं। गोर ने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति ट्रंप अगले एक से दो वर्षों में भारत का दौरा कर सकते हैं।

शेयर बाजार में दिखी बड़ी रिकवरी
ट्रेड डील पर बातचीत की खबर के बाद शेयर बाजार में जोरदार उछाल देखने को मिला। निफ्टी 25473 के निचले स्तर से उछलकर 25740 तक पहुंच गया। लगातार छह दिनों की गिरावट के बाद यह रिकवरी ‘वैल्यू बाइंग’ के कारण मानी जा रही है।
मार्केट एक्सपर्ट जिगर पटेल के अनुसार, निफ्टी के लिए 25400–25500 सपोर्ट लेवल है, जबकि 25600–25700 रेजिस्टेंस जोन बना हुआ है।

जियो-पॉलिटिक्स और ट्रेड के बीच संतुलन
हाल ही में रूस से तेल खरीद को लेकर ट्रंप प्रशासन की सख्त टिप्पणियों और संभावित 500% टैरिफ की धमकी के बाद रिश्तों में तल्खी देखी गई थी। लेकिन सर्जियो गोर के ताजा बयानों से यह संकेत मिल रहा है कि भारत-अमेरिका संबंधों में फिर से गर्मजोशी लौट सकती है।

उन्होंने कहा कि ट्रेड दोनों देशों के रिश्तों का अहम हिस्सा है, लेकिन सहयोग केवल व्यापार तक सीमित नहीं है। सुरक्षा, आतंकवाद के खिलाफ सहयोग, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में भी दोनों देश मिलकर काम कर रहे हैं।

Pax Silica Alliance में भारत की एंट्री
सर्जियो गोर ने यह भी ऐलान किया कि भारत को अगले महीने ‘Pax Silica Alliance’ में पूर्ण सदस्य के रूप में शामिल होने का न्योता दिया जाएगा। यह अमेरिका की अगुवाई वाला अंतरराष्ट्रीय गठबंधन है, जिसका मकसद सिलिकॉन और सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन को सुरक्षित और मजबूत बनाना है।

इस गठबंधन में जापान, दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन, इजराइल, UAE, ऑस्ट्रेलिया जैसे देश शामिल हैं। गोर के मुताबिक, तकनीक और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में भारत की भूमिका बेहद अहम होगी।
अपने संबोधन की शुरुआत ‘नमस्ते’ से करते हुए गोर ने कहा, “यह दुनिया के सबसे पुराने लोकतंत्र और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का संगम है।”

खबरे और भी है...