नागपुर में भीषण हादसा, 2 नाबालिग छात्रों की मौत: बर्थडे पार्टी के लिए निकले थे तीन दोस्त

Diya Gupta
0 सेकंड पहलेPeedit ko jald se jald nyay milna chahiye.
Vaishali shinde
0 सेकंड पहलेPolice ko aur tezi se karyawahi karni chahiye.
महाराष्ट्र के नागपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो नाबालिग छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा कलमना थाना क्षेत्र के पावनगांव-भरतवाड़ा वी-पॉइंट रोड पर बुधवार तड़के हुआ। तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे फुटपाथ से टकराई और फिर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बर्थडे पार्टी मनाने निकले थे तीन दोस्त
पुलिस के अनुसार, तीनों दोस्त एक साथी का जन्मदिन मनाने के लिए सुबह करीब 5 से 5:15 बजे घर से निकले थे। कार चला रहे युवक के साथ दो अन्य नाबालिग छात्र भी सवार थे। बताया गया है कि पार्टी से पहले वे कार से घूमने निकले थे। इसी दौरान पावनगांव-भरतवाड़ा मार्ग पर यह हादसा हो गया।
तेज रफ्तार में बेकाबू हुई कार
हादसे से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में तेज रफ्तार कार सड़क पर जाती दिखाई देती है। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर पहले फुटपाथ से टकराता है और फिर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा भिड़ता है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दो छात्रों की मौके पर मौत
हादसे में कार सवार भौमिक अमोल लरोकर और सागर संजय मेलवानी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों 11वीं कक्षा के छात्र बताए जा रहे हैं। वहीं कार चला रहे मिहिर आनंद बेहर को गंभीर चोटें आई हैं। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
कलमना पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही कलमना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। जन्मदिन की खुशी के लिए घर से निकले दोस्तों के साथ हुए इस हादसे ने परिवारों को झकझोर दिया है। पुलिस हादसे के दौरान कार की गति, चालक के नियंत्रण खोने और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।





