Haldwani Eye Operation Tragedy: आंख के इलाज के दौरान मरीज की मौत
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी से एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां आंख के इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ और परिजन इंसाफ की मांग करते हुए रोते-बिलखते नजर आए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आंख में कंकरी लगने के बाद अस्पताल पहुंचे थे राजपाल
जानकारी के मुताबिक, रामनगर क्षेत्र के जरसा गांजा गांव निवासी राजपाल पत्थर तोड़ने का काम करते थे। बीती 28 मार्च को काम के दौरान उनकी आंख में कंकरी लग गई थी, जिससे आंख में गंभीर परेशानी हो गई। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए हल्द्वानी के एक आई हॉस्पिटल लेकर पहुंचे।
डॉक्टरों ने ऑपरेशन की दी सलाह
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन कराने की सलाह दी। डॉक्टरों ने कहा कि यदि सर्जरी नहीं कराई गई तो आंख खराब हो सकती है। इसके बाद परिवार ने ऑपरेशन के लिए हामी भर दी। पहली सर्जरी के बाद मरीज का इलाज चलता रहा और उन्हें कई बार अस्पताल बुलाकर जांच भी की गई।
दूसरे ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत
बताया जा रहा है कि बाद में डॉक्टरों ने दोबारा ऑपरेशन की जरूरत बताई। इसके चलते 15 अप्रैल की शाम को राजपाल का दूसरा ऑपरेशन किया गया। परिजनों के अनुसार ऑपरेशन शाम करीब 6:30 बजे शुरू हुआ और रात 9:40 बजे तक चला। ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने मरीज का ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ने की बात कही और हालत गंभीर बताई।
दूसरे अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
स्थिति बिगड़ने पर परिजन तत्काल राजपाल को ठंडी सड़क स्थित दूसरे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
अस्पताल में हंगामा, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
मरीज की मौत के बाद गुस्साए परिजन सीधे आई हॉस्पिटल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान एक परिजन पुलिसकर्मी के गले लगकर फूट-फूट कर रो पड़ा और न्याय की गुहार लगाई।
8 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक के भाई ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। परिवार का कहना है कि मृतक 8 बच्चों का पिता था और अब उनके पालन-पोषण की बड़ी जिम्मेदारी खड़ी हो गई है।
जांच रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही सीएमओ की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। यह घटना एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था और मेडिकल लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

