Sapna Choudhary Divorce: 6 साल बाद पति वीर साहू से तलाक पर सपना चौधरी ने तोड़ी चुप्पी

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
तलाक की खबरों पर सपना ने तोड़ी चुप्पी
हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी अक्सर अपने स्टेज शो और डांस को लेकर चर्चा में रहती हैं। हालांकि, इन दिनों उनकी निजी जिंदगी भी सुर्खियों में है। इस साल खबरें सामने आई थीं कि सपना चौधरी और उनके पति वीर साहू के रिश्ते में अनबन चल रही है और मामला तलाक तक पहुंच गया है। अब सपना ने खुद इन खबरों पर चुप्पी तोड़ते हुए पति से तलाक लेने की बात स्वीकार की है।
एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने अपने रिश्ते, प्यार और शादी के बाद बदली जिंदगी को लेकर खुलकर बात की। उनके बयान के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं ने फिर जोर पकड़ लिया है।
पति की बेवफाई पर कही अपनी राय
NMF न्यूज को दिए इंटरव्यू में सपना चौधरी से पूछा गया कि उन्हें अपने पति से तलाक लेने की जरूरत क्यों महसूस हुई। इस पर उन्होंने कहा, "जब हालात अच्छे थे, तब हम साथ थे... अब जब हालात अच्छे नहीं हैं, तो हम साथ नहीं हैं।"
जब उनसे पूछा गया कि अगर कोई शादीशुदा पुरुष अपनी पत्नी को धोखा देता है, तो वह इस बारे में क्या सोचती हैं, तो सपना ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जो इंसान एक जगह से अपना मन नहीं भर सकता, वह कई जगहों पर भी ऐसा ही करेगा।
प्यार को लेकर सपना की सोच
प्यार के बारे में अपनी समझ बताते हुए सपना ने कहा कि उनके लिए प्यार सिर्फ शारीरिक नहीं, बल्कि आत्मा से जुड़ा होता है। इसमें भावनाएं शामिल होती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके विचार से लड़के ज्यादा व्यावहारिक होते हैं, जबकि लड़कियां अक्सर भावनाओं में बह जाती हैं।
शादी के बाद खोने लगी थीं अपनी पहचान
इंटरव्यू में सपना ने शादी के बाद अपनी जिंदगी में आए बदलावों के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि बिग बॉस से बाहर आने के बाद उनकी शादी हो गई थी। उस समय वह काफी मशहूर थीं। उन्होंने कहा कि वह एक अच्छी बहू, पत्नी और मां रहीं, लेकिन उन्हें लगने लगा था कि वह सिर्फ किसी की पत्नी, मां या भाभी बनकर रह गई हैं।
रिश्ते निभाने में खुद को भूल गई थीं
सपना ने आगे बताया कि उस समय वह रिश्तों में इतनी उलझ गई थीं कि अपना ख्याल रखना ही भूल गई थीं। हालांकि, अब उन्हें इस बात का एहसास हो गया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने रिश्ते को जबरदस्ती चलाने की कोशिश की थी, लेकिन बाद में समझ आया कि ऐसा संभव नहीं हो पाएगा।
2020 में हुई थी वीर साहू से शादी
सपना चौधरी ने साल 2020 में हरियाणवी गायक और अभिनेता वीर साहू से शादी की थी। दोनों की शादी काफी निजी तरीके से हुई थी। बाद में इस कपल के दो बेटे हुए। सपना ने लंबे समय तक अपनी शादीशुदा जिंदगी को निजी रखा था।
रिश्ते में तनाव की खबरें
पिछले कुछ समय से सपना और वीर साहू के रिश्ते में तनाव की खबरें सामने आ रही थीं। अब सपना के तलाक की अर्जी देने संबंधी बयान के बाद उनके रिश्ते में चल रही मुश्किलों की चर्चा फिर तेज हो गई है।
घरेलू हिंसा मामले में मिली थी अंतरिम सुरक्षा
सपना चौधरी और वीर साहू के रिश्ते में तनाव की खबरें इसी साल जून में भी सुर्खियों में आई थीं। उस दौरान द्वारका स्थित महिला अदालत ने सपना को अंतरिम सुरक्षा प्रदान की थी।
पति पर लगाए थे मारपीट के आरोप
दरअसल, सपना ने अदालत में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पति कथित तौर पर उनके साथ मारपीट करते थे और सार्वजनिक जगहों पर भी हंगामा करते थे। उन्होंने यह भी बताया था कि वह अपने दोनों नाबालिग बच्चों के साथ पति का घर छोड़ चुकी हैं और घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई है।
अदालत ने संपर्क करने पर लगाई थी रोक
सपना की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने मेडिकल रिपोर्ट, चोटों की तस्वीरों और कथित धमकियों से जुड़ी रिकॉर्डिंग पर विचार किया था। इसके बाद अदालत ने वीर साहू को अगली सुनवाई तक सपना के पास जाने, उनसे संपर्क करने और उनके घर या कार्यस्थल पर पहुंचने से रोक दिया था। यह आदेश फिल्म 'मोमाकू' के प्रीमियर से पहले दिया गया था, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
बिग बॉस 11 से मिली देशभर में पहचान
सपना चौधरी हरियाणा की लोकप्रिय डांसर और सिंगर हैं। अपने डांस और गानों के दम पर उन्होंने देशभर में पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने रियलिटी शो 'बिग बॉस 11' में हिस्सा लिया, जहां उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई।
'द 50' में भी आई थीं नजर
हाल ही में सपना चौधरी रियलिटी शो 'द 50' में भी नजर आई थीं। उनके तलाक और निजी रिश्ते को लेकर दिए गए हालिया बयान के बाद उनकी जिंदगी से जुड़ा यह मामला एक बार फिर चर्चा में है।








