कर्ज के बोझ से करोड़पति बनने तक: 13 घंटे काम, 7 दिन मेहनत और सादा जिंदगी

13 घंटे काम, 7 दिन मेहनत और सादा जिंदगी

Comments

कहते हैं कि मेहनत और अनुशासन इंसान की किस्मत बदल सकता है, और चीन के डिलीवरी बॉय झांग जुएकियांग की कहानी इसका जीता-जागता उदाहरण है। कर्ज के बोझ तले दबा एक युवक, जिसने हार मानने के बजाय डिलीवरी बॉय बनकर अपने सपनों को फिर से उड़ान दी।

कर्ज से जूझता युवक
25 साल के झांग जुएकियांग 2020 में अपने होमटाउन झांगझोउ से शंघाई आए थे। इससे पहले उन्होंने अपने दोस्त के साथ नाश्ते की एक दुकान खोली थी, जो असफल हो गई। दुकान बंद होने के बाद झांग पर करीब 50 हजार युआन (लगभग 6 लाख रुपये) का कर्ज चढ़ गया।

डिलीवरी बॉय बनकर बदली किस्मत
कर्ज चुकाने के इरादे से झांग ने एक बड़े फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर काम शुरू किया। उन्होंने बीते 5 सालों तक बिना रुके दिन-रात मेहनत की। नवंबर के आखिर में सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में झांग ने बताया कि उन्होंने डिलीवरी के काम से 1.4 मिलियन युआन (करीब 1 करोड़ 44 लाख रुपये) कमाए।
 

सादा जीवन, कड़ा अनुशासन
झांग ने बताया कि वह हफ्ते के 7 दिन और रोज़ करीब 13 घंटे काम करते हैं। उनका कहना है,
“जरूरी खर्चों के अलावा मेरा कोई शौक नहीं है। खाना पहुंचाना ही मेरी जिंदगी है।”
वह सुबह 10:40 बजे काम शुरू करते हैं और अगले दिन सुबह 1 बजे तक डिलीवरी करते हैं। ताकि ऊर्जा बनी रहे, वह रोज़ 8.5 घंटे की नींद जरूर लेते हैं।

‘ऑर्डर किंग’ की पहचान
झांग हर महीने 300 से ज्यादा ऑर्डर डिलीवर करते हैं। हर ऑर्डर में औसतन 25 मिनट लगते हैं। अब तक वह 3,24,000 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय कर चुके हैं। उनके सहकर्मी उन्हें प्यार से “ग्रेट गॉड” और “ऑर्डर किंग” कहते हैं।
डिलीवरी स्टेशन के डायरेक्टर के मुताबिक,
“झांग चलता नहीं, हमेशा दौड़ता है। इतना मेहनती और किफायती वर्कर हमारे यहां बहुत कम देखने को मिलता है।”

फिर से उद्यमी बनने की तैयारी
झांग ने अपना पूरा कर्ज चुका दिया है और रहने के खर्च घटाने के बाद 1.12 मिलियन युआन की बचत कर ली है। अब वह अगले साल की पहली छमाही में शंघाई में दो नाश्ते की दुकानें खोलने के लिए 8 लाख युआन निवेश करने की योजना बना रहे हैं।

सोशल मीडिया पर तारीफों की बाढ़
झांग की कहानी चीनी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
एक यूजर ने लिखा, “आप मेरे आइडल हैं।”
दूसरे ने कहा, “युवाओं के लिए बेहतरीन उदाहरण।”
हालांकि कुछ लोगों ने उनकी कमाई पर शक भी जताया।
झांग का कहना है,
“मैं पिछली बार फेल हुआ था, लेकिन इस बार फिर कोशिश करना चाहता हूं।”

खबरे और भी है...