गोरखपुर विश्वविद्यालय में सीएम योगी : खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

Comments

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य शुभारंभ किया। उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और स्वयं बास्केटबॉल कोर्ट में उतरकर गेंद उछालते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।

खेल युवाओं को नशे और विकृतियों से रखता है दूर : सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं को नशे और सामाजिक विकृतियों से दूर रखने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से अपील की कि वे कम से कम एक खेल को गोद लेकर उससे जुड़ी प्रतिभाओं को तराशने का कार्य करें, जिससे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और खेल भावना को मजबूती मिले।

2047 के विकसित भारत का आधार बनेगा खेल : मुख्यमंत्री
सीएम योगी ने कहा कि “युवा खेलेगा तो खिलेगा” और यही युवा 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करेगा। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को बड़े पैमाने पर विकसित किया जा रहा है।

यूपी में तेजी से बढ़ रहा खेल इंफ्रास्ट्रक्चर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान और ओपन जिम, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम तथा जिला स्तर पर स्टेडियम के निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है, ताकि खेल को युवाओं की दिनचर्या का हिस्सा बनाया जा सके।

पदक विजेताओं को करोड़ों का इनाम और सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश सरकार ओलंपिक, एशियाड, कॉमनवेल्थ गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को करोड़ों रुपये की पुरस्कार राशि और सरकारी नौकरी दे रही है। अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को सीधे सरकारी सेवा में नियुक्त किया जा चुका है।

‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ से बदली खेल संस्कृति
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुई ‘खेलो इंडिया’, ‘फिट इंडिया’ और सांसद खेल प्रतियोगिताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में एक नई खेल संस्कृति विकसित हुई है, जिसने गांव-गांव तक खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया है।

राष्ट्रीय चेतना और एकता को मजबूत करता है खेल : कुलपति
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चेतना, आत्मविश्वास और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं। 14 राज्यों के 31 विश्वविद्यालयों की महिला खिलाड़ियों की भागीदारी इस आयोजन को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनाती है।

उद्घाटन मुकाबले में मेजबान विश्वविद्यालय की जीत
उद्घाटन मुकाबले में मेजबान दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। यह प्रतियोगिता 19 जनवरी तक आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर की महिला बास्केटबॉल प्रतिभाएं अपना कौशल प्रदर्शित करेंगी।

खबरे और भी है...