1,207 Films Record: 365 दिनों में देख डालीं 1,207 फिल्में, अमेरिकी शख्स ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

365 दिनों में देख डालीं 1,207 फिल्में, अमेरिकी शख्स ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
प्रतिक्रियाएँ

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं

पहले आप अपनी बात रखें

Comments • Reactions • Feedback

 

365 दिनों में देख डालीं 1,207 फिल्में
वीकेंड पर एक-दो फिल्में देखना भी कई लोगों के लिए खास होता है, लेकिन अमेरिका के 60 वर्षीय रिटायर्ड शख्स ने एक साल में 1,207 फिल्में देखकर हैरान कर देने वाला कारनामा कर दिखाया। पेंसिल्वेनिया के ग्लेनवुड होस्किन जूनियर (Glenwood Hoskin Jr.) ने 365 दिनों तक सिनेमाघरों में फिल्में देखकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह पेशे से रिटायर्ड टैक्स ऑफिसर हैं।

 

सुबह से आधी रात तक थिएटर में बिताते थे समय
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की रिपोर्ट के अनुसार, ग्लेनवुड को इंटरनेट पर एक साल में सिनेमाघर में सबसे ज्यादा फिल्में देखने का रिकॉर्ड होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने इसे चुनौती के रूप में लिया। उन्होंने पेंसिल्वेनिया के रीगल सिनेमा को अपना दूसरा घर बना लिया।

उनका रोजाना का रूटीन तय था। वह सुबह सबसे पहले सिनेमाघर पहुंच जाते और कई बार आधी रात तक लगातार फिल्में देखते रहते थे। उन्होंने यह सफर बसंत के मौसम में शुरू किया, ताकि सर्दियों में गाड़ी चलाने की परेशानी से बचा जा सके। शुरुआत के बाद उन्होंने लगातार अपना सिलसिला जारी रखा और फिल्मों की संख्या बढ़ती चली गई।

 

फिल्मों के टिकट पर पैसे बचाने का निकाला तरीका
एक साल में 1,200 से ज्यादा फिल्में देखने के लिए टिकट पर काफी खर्च हो सकता था। लेकिन होस्किन ने इसके लिए रीगल सिनेमा का अनलिमिटेड सब्सक्रिप्शन लिया था। उस समय इसकी कीमत करीब 28 डॉलर यानी लगभग 2,300 से 2,400 रुपये प्रति माह थी। इससे उन्हें हर फिल्म के लिए अलग टिकट खरीदने की जरूरत नहीं पड़ी।

 

घर का खाना और फिटनेस का भी रखा ध्यान
होस्किन महंगे पॉपकॉर्न और थिएटर के खाने पर पैसे खर्च करने के बजाय घर से टिफिन लेकर जाते थे। दो फिल्मों के बीच मिले समय में वह खाना खाते थे। लगातार बैठने से सेहत पर असर न पड़े, इसके लिए वह फिल्मों के बीच सिनेमाघर में टहलकर अपनी वॉक भी पूरी करते थे।

 

एनिमेटेड और कॉमेडी फिल्में थीं पसंदीदा
इतनी सारी फिल्में देखने के दौरान होस्किन को एनिमेटेड और कॉमेडी फिल्में सबसे ज्यादा पसंद आईं। एनिमेटेड फिल्में आमतौर पर छोटी होती हैं, इसलिए उन्हें अपने शेड्यूल में शामिल करना आसान रहता था। उन्हें ‘द वाइल्ड रोबोट’ और ‘डेडपूल एंड वूल्वरिन’ जैसी फिल्में काफी पसंद आईं।

उनका कहना है कि कॉमेडी फिल्में घर पर अकेले देखने के मुकाबले सिनेमाघर में लोगों के साथ बैठकर देखने और हंसने का अनुभव ज्यादा मजेदार होता है। लगातार एक साल तक थिएटर जाने के कारण उनकी वहां के मैनेजर और स्टाफ से भी अच्छी दोस्ती हो गई। स्टाफ उन्हें छोटी अवधि वाली फिल्में ढूंढने में मदद करता था, ताकि वह अपना लक्ष्य पूरा कर सकें।

 

पुराना रिकॉर्ड तोड़कर बनाया नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
31 मार्च 2025 को अपना सफर पूरा करते हुए ग्लेनवुड होस्किन जूनियर ने पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड अमेरिकी नागरिक जकारिया स्वोप (Zachariah Swope) के नाम था, जिन्होंने एक साल में 777 फिल्में देखी थीं। होस्किन ने 1,207 फिल्में देखकर इस आंकड़े को काफी पीछे छोड़ दिया और नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।

होस्किन के मुताबिक, यह सिर्फ फिल्मों की संख्या बढ़ाने की चुनौती नहीं थी। इस सफर से उन्हें एक बेहतर दिनचर्या मिली, नए दोस्त बने और जिंदगी को नए तरीके से जीने का मौका मिला।

प्रतिक्रियाएँ

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं

पहले आप अपनी बात रखें

Comments • Reactions • Feedback

खबरे और भी है...