मेरठ स्टेशन पर 2 किलो चांदी की ईंट: रैपिड स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान पकड़ में आया व्यापारी

Comments
उत्तर प्रदेश के मेरठ साउथ RRTS (रैपिड रेल) स्टेशन पर सोमवार देर शाम सुरक्षा जांच के दौरान एक व्यापारी को बिना बिल के करीब दो किलोग्राम चांदी की ईंट के साथ पकड़ा गया। व्यापारी की पहचान भास्कर अग्रवाल, निवासी मेरठ के रूप में हुई है, जो चांदी की ईंट मोदीनगर ले जा रहे थे।
GST विभाग को सौंपा गया मामला
सुरक्षाकर्मियों को चेकिंग के दौरान व्यापारी के बैग में चांदी की ईंट मिली, लेकिन वह कोई वैध बिल नहीं दिखा सके। इसके बाद एनसीआरटीसी और पुलिस अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में लेकर राज्यकर (GST) विभाग की सचल दस्ते की टीम को सूचना दी।
7 लाख की चांदी, 42 हजार का जुर्माना
GST विभाग की जांच में चांदी की ईंट का वजन करीब 2 किलो और कीमत लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई। चांदी पर 3 प्रतिशत GST देय होता है। नियमों के अनुसार बिना बिल माल ले जाने पर दोगुना GST जुर्माने के रूप में वसूला गया। मौके पर ही व्यापारी से 42 हजार रुपये का जुर्माना वसूल कर चांदी की ईंट उन्हें सौंप दी गई।
बिल न होने की दी गई सफाई
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने बताया कि व्यापारी ने चांदी मेरठ के शिव ज्वैलर्स से खरीदी थी। सोमवार को बाजार बंद होने के कारण पक्का बिल नहीं कट पाया, हालांकि भुगतान चेक के माध्यम से किया गया था।
इस संबंध में अपर आयुक्त ग्रेड-2 (SIB) सुशील कुमार सिंह से बातचीत के बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना लेकर माल छोड़ने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने की पुष्टि
अपर आयुक्त सुशील कुमार सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि यह पूरी तरह GST से जुड़ा मामला था और नियमों के तहत दंड लेकर माल रिलीज कर दिया गया। वहीं सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने भी बताया कि यह कार्रवाई GST विभाग द्वारा की गई है।
चांदी में निवेश का बढ़ता रुझान
हाल के दिनों में चांदी के दामों में तेजी देखने को मिली है। इसी वजह से लोग इसे इन्वेस्टमेंट के तौर पर खरीद रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बिना वैध दस्तावेज़ के की गई खरीद-फरोख्त कानूनी परेशानी का कारण बन सकती है।

