संभल में शादी की खुशियां मातम में बदलीं: किशोर ने उठाया खौफनाक कदम

किशोर ने उठाया खौफनाक कदम

Comments

उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना रायसत्ती क्षेत्र के मोहल्ला जगत निवासी मुकीम खान उर्फ चांद के 16 वर्षीय बेटे हमजा ने बहन की शादी के दिन फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ओर घर में बेटी की विदाई की तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर बेटे की मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।

मैरिज हॉल से घर आया और कर ली आत्महत्या
परिजनों के अनुसार, हमजा सुबह से ही बहन शाजिया की शादी की व्यवस्थाओं में जुटा हुआ था। दोपहर बाद वह अचानक मैरिज हॉल से घर लौट आया और कमरे में दुपट्टे के सहारे कुंडे से फांसी लगा ली। करीब शाम 4 बजे पड़ोसियों ने घर का गेट खुला देखा, तो अंदर जाकर देखा कि किशोर फंदे से लटका हुआ है।

खुशियां मातम में बदलीं, माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
सूचना मिलते ही परिजन घर पहुंचे, लेकिन तब तक हमजा की मौत हो चुकी थी। एक तरफ बेटी की डोली उठ चुकी थी, तो दूसरी ओर बेटे के जनाजे की तैयारी शुरू हो गई। माता-पिता बदहवास हालत में यह कहते नजर आए कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि बेटे ने ऐसा कदम क्यों उठाया।

पुलिस को बिना बताए शव दफनाने की तैयारी
घटना के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव को दफनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच पड़ोसियों द्वारा दी गई जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

शादी के कपड़ों को लेकर कहासुनी की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमजा की परिजनों से शादी के कपड़ों को लेकर कहासुनी हुई थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस का बयान
थाना प्रभारी निशांत कुमार राठी ने बताया कि किशोर की आत्महत्या की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।