मुंबई में निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का हिस्सा गिरा: 1 की मौत, 4 घायल

1 की मौत, 4 घायल

Comments

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के मुलुंड पश्चिम इलाके में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के पिलर का सीमेंट स्लैब अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए।
यह घटना दोपहर करीब 12:20 बजे जॉनसन एंड जॉनसन फैक्ट्री के सामने LBS रोड पर हुई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

कैसे हुआ हादसा?
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मेट्रो लाइन-4 (ग्रीन लाइन) के निर्माण कार्य के दौरान पिलर का एक सीमेंट सेगमेंट अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। यह स्लैब सीधे नीचे से गुजर रहे एक ऑटोरिक्शा और कार पर गिरा। ऑटोरिक्शा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, एक कार भी इसकी चपेट में आई, 3 से 4 लोगों के घायल होने की आशंका जताई गई, बाद में इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई,

राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही, मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस विभाग, मेट्रो स्टाफ, 108 एम्बुलेंस सेवा, BMC वार्ड स्टाफ, मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

BMC का बयान
Brihanmumbai Municipal Corporation (BMC) ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान मेट्रो पिलर का एक हिस्सा टूटकर रिक्शा पर गिर गया। मौके पर सभी एजेंसियां मौजूद हैं और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

मेट्रो लाइन-4 पर चल रहा है निर्माण
यह हादसा मेट्रो की लाइन-4 परियोजना के तहत हुआ, जिसका निर्माण Mumbai Metropolitan Region Development Authority (MMRDA) द्वारा किया जा रहा है। MMRDA के अनुसार, यह घटना पियर P196 के पास हुई, जहां एक पैरापेट सेगमेंट ऊंचाई से गिर गया और गुजरते ऑटोरिक्शा से टकरा गया। लाइन-4 (ग्रीन लाइन) का कुछ हिस्सा 2026 तक और पूरी लाइन 2027 तक शुरू होने की योजना है।

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने दिए जांच के आदेश
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री Devendra Fadnavis ने घटना का संज्ञान लेते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

ट्रैफिक डायवर्ट, क्षेत्र को किया गया सील
हादसे के बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया और LBS रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया। मलबा हटाने का कार्य जारी है और निर्माण स्थल की सुरक्षा की जांच की जा रही है।

उठ रहे हैं बड़े सवाल
निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं? क्या तकनीकी लापरवाही इस हादसे की वजह बनी? जिम्मेदारी किसकी तय होगी? मुंबई में मेट्रो विस्तार के बीच यह हादसा सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।