शो शुरू होने से पहले ही सुर्खियों में ‘द 50’: 7 साल बाद रियलिटी शो में वापसी से मचा हड़कंप

भारतीय टेलीविजन का सबसे अनोखा और बड़ा रियलिटी शो ‘द 50’ शुरू होने से पहले ही चर्चा का विषय बन गया है। इस शो में देश की 50 मशहूर हस्तियां हिस्सा ले रही हैं, जो एक महल में रहकर कड़े टास्क और रणनीतिक चुनौतियों का सामना करेंगी।
इसी बीच हरियाणा की मशहूर डांसर और अभिनेत्री सपना चौधरी की एंट्री ने शो को और भी खास बना दिया है। शुक्रवार को सपना चौधरी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर खुद इस बात की पुष्टि की कि वह ‘द 50’ का हिस्सा बनने जा रही हैं।
इंस्टाग्राम वीडियो से जताई खुशी
शेयर किए गए वीडियो में सपना के घर के बाहर एक शख्स टिकट रखकर चला जाता है। सपना टिकट उठाकर खुशी जाहिर करती हैं और फैंस से कहती हैं— “आज मैं इतनी खुश हूं कि बता भी नहीं सकती। मुझे टिकट मिल गया है। आप समझ गए होंगे कि मैं इंडिया के सबसे बड़े रियलिटी शो ‘द 50’ में जाने वाली हूं।”
उन्होंने आगे बताया कि यह शो 1 फरवरी से जियोहॉटस्टार और कलर्स टीवी पर प्रसारित होगा और दर्शकों से इसे जरूर देखने की अपील की।






