Motihari Road Accident: मोतिहारी में स्कॉर्पियो ट्रैक्टर से टकराई, दो की मौत

मोतिहारी में स्कॉर्पियो ट्रैक्टर से टकराई, दो की मौत
प्रतिक्रियाएँ
Ishaan Tiwari

Ishaan Tiwari

0 सेकंड पहले

CBI ya SIT jaanch honi chahiye is mamle mein.

Comments • Reactions • Feedback

मोतिहारी में स्कॉर्पियो और ट्रैक्टर की टक्कर
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गायघाट चौक के पास धर्मकांटा के नजदीक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े मक्का लदे ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे के समय गाड़ी में चार दोस्त सवार थे, जो मोतिहारी में फिल्म देखने जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

 

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निकाला गया
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हरसिद्धि थाने की डायल 112 टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी में फंसे युवकों को बाहर निकाला। सभी को इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मनु कुमार सिंह और शुभम कुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आदित्य कुमार सिंह को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। चौथे घायल युवक की पहचान की जानकारी सामने नहीं आई है।

 

फिल्म देखने निकले थे चारों दोस्त
जानकारी के अनुसार, चारों दोस्त रविवार शाम मनु कुमार सिंह की स्कॉर्पियो से मोतिहारी में फिल्म देखने के लिए निकले थे। हादसे में जान गंवाने वाले मनु कुमार सिंह चड़रहिया पंचायत के पूर्व मुखिया मुरारी सिंह के पुत्र थे। उनकी शादी पश्चिम चंपारण में तय हुई थी और परिवार में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं, शुभम कुमार सेवराहा निवासी अजय सिंह के पुत्र थे। दोनों युवकों की मौत से उनके परिवारों और गांव में शोक का माहौल है।

 

पुलिस ने दोनों वाहनों को किया जब्त
हादसे के बाद हरसिद्धि थाना पुलिस ने स्कॉर्पियो और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हरसिद्धि के अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार के अनुसार, हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद सेवराहा सहित आसपास के इलाकों में शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने युवकों की असमय मौत पर दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।

प्रतिक्रियाएँ
Ishaan Tiwari

Ishaan Tiwari

0 सेकंड पहले

CBI ya SIT jaanch honi chahiye is mamle mein.

Comments • Reactions • Feedback