ICC Cricket World Cup 2027: भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए 83 लाख से ज्यादा टिकट रिक्वेस्ट, फाइनल को भी मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
नई दिल्ली आईसीसी विश्व कप 2027 के लिए फैंस में अभी से जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। टूर्नामेंट के टिकट बैलेट में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को सबसे ज्यादा प्रतिक्रिया मिली है। आईसीसी के मुताबिक, इस मैच के लिए 83,97,294 टिकट रिक्वेस्ट प्राप्त हुई हैं। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 10 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग स्थित द वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारत-पाक मैच के लिए सबसे ज्यादा मांग
भारत और पाकिस्तान के मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में हमेशा खास उत्साह रहता है। दोनों टीमों के बीच अब द्विपक्षीय सीरीज के बजाय आईसीसी और एसीसी टूर्नामेंट में ही मुकाबले देखने को मिलते हैं। ऐसे में विश्व कप 2027 का यह मैच भी दर्शकों के लिए बेहद खास बन गया है।
द वांडरर्स स्टेडियम में करीब 34 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है, जबकि टिकटों के लिए 83 लाख से ज्यादा आवेदन मिले हैं। इससे इस मुकाबले की लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
फाइनल के टिकटों के लिए भी भारी क्रेज
भारत-पाकिस्तान मैच के बाद टिकटों की सबसे ज्यादा मांग टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के लिए रही। 21 नवंबर को जोहानिसबर्ग के द वांडरर्स स्टेडियम में होने वाले फाइनल के लिए आईसीसी को 79,00,944 टिकट रिक्वेस्ट मिली हैं।
दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से विश्व कप 2027 की मेजबानी कर रहे हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत 2 अक्टूबर से होगी। इसमें कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी और 57 मुकाबले खेले जाएंगे।
12 करोड़ से ज्यादा टिकट रिक्वेस्ट
आईसीसी के अनुसार, पूरे टूर्नामेंट के मैचों के लिए दुनिया भर के फैंस की ओर से 12 करोड़ से अधिक टिकट रिक्वेस्ट मिली हैं। यह आंकड़ा विश्व कप को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी को दिखाता है।
टिकट बैलेट में आवेदन करने के लिए फैंस से कोई फीस नहीं ली जाती है। एक व्यक्ति किसी मैच के लिए केवल एक बार टिकट का आवेदन कर सकता है।
कैसे होगा टिकट का आवंटन?
आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि टिकटों का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर नहीं होगा। बैलेट की अवधि के दौरान किसी भी समय आवेदन करने वाले सभी फैंस को टिकट मिलने का समान अवसर मिलेगा।
यदि किसी मुकाबले के लिए उपलब्ध टिकटों से ज्यादा आवेदन प्राप्त होते हैं, तो टिकट पाने वाले दर्शकों का चयन रैंडम प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा। जिन लोगों को टिकट आवंटित होंगे, उन्हें आईसीसी की ओर से उनके रजिस्टर्ड ईमेल पर इसकी जानकारी भेजी जाएगी।








